ओडिशा से लाकर छत्तीसगढ़ में खपाते थे, किसान से तस्कर बने सगे भाई, 2 सगे भाई समेत 4 गिरफ्तार
बालोद,23 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ओडिशा से गांजा लाकर सप्लाई करने वाले दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 139 किलो गांजा जब्त किया गया है। इसकी कीमत 69 लाख 27 हजार 550 रुपए बताई गई है। गांजा 134 पैकेट में रखा था। इसमें से आधा गांजा गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम खप्परवाड़ा के सगे भाइयों ओमप्रकाश पटेल (28) और कुलेश्वर पटेल (24) के घर से मिला है। दोनों भाइयों ने गांजा लोहे की पेटियों और दीवान में छिपाकर रखा था। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप, बाइक, मोबाइल और नकदी समेत कुल 85 लाख 72 हजार 550 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की थी पहली कार्रवाई
दरअसल, 21 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम अरकार के भीषम सतनामी (28) अपने घर में गांजा रखकर बेच रहा है। इस पर सनौद पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने उसके घर दबिश दी। तलाशी में दो पैकेट और पुडि़या में रखा 1.995 किलो गांजा मिला। पूछताछ में भीषम ने बताया कि उसने यह गांजा गांव के ही कामता प्रसाद कोसरे (43) से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने कामता से पूछताछ की। उसके पास गांजा सप्लाई करने वाले दोनों भाइयों के मोबाइल नंबर थे।
पुलिस ने कामता से फोन करवाकर दोनों भाइयों को गांजा लेकर रास्ते में मिलने बुलाया। बाइक से गांजा लेकर पहुंचे ओमप्रकाश और कुलेश्वर को पुलिस ने पकड़ लिया।
घर की तलाशी में पेटियों
और दीवान से मिले 134 पैकेट
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि दोनों भाइयों को पकड़ने के बाद पुलिस उनके घर पहुंची। तलाशी के दौरान लोहे की पेटियों और दीवान के अंदर गांजे के पैकेट छिपाकर रखे मिले। यहां से कुल 134 पैकेट में 136.56 किलो गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में दोनों भाइयों ने बताया कि वे ओडिशा के बालीगुड़ा इलाके से पिकअप में गांजा लाते थे और बालोद जिले में इसकी सप्लाई करते थे। दोनों करीब एक साल से इस काम में लगे थे।
किस्त चुकाने में परेशानी
हुई तो करने लगे तस्करी
पुलिस के मुताबिक, दोनों भाई 2023 में खेती का काम छोड़कर महिंद्रा पिकअप खरीदकर किराये पर चलाने लगे थे। इसके लिए वे कोलकाता और बनारस जाते थे। बाद में पिकअप की किस्त चुकाने में परेशानी होने लगी तो उन्होंने गाड़ी भिलाई फल मंडी में किराये पर लगा दी। इसके बाद दोनों फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने लगे। इसी दौरान ज्यादा कमाई के लालच में गांजा तस्करी शुरू कर दी। दोनों एक बार में 10 से 20 किलो गांजा लाते थे। इसे घर में छिपाकर रखते और फिर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करते थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur