Breaking News

अम्बिकापुर@मुक्तिबोध के साहित्य में दिखा समकालीन यथार्थ का आईना,वैचारिक प्रतिबद्धता पर हुआ मंथन

Share


होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज में एक दिवसीय सेमिनार आयोजित,युवा कवयित्रियों ने रचनाओं से बांधा समां

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। साहित्य केवल समाज का प्रतिबिंब नहीं, बल्कि उसकी विसंगतियों से टकराकर बदलाव की राह तलाशने का माध्यम भी है। हिंदी साहित्य के प्रखर कवि,कथाकार और चिंतक गजानन माधव मुक्तिबोध की रचनाएं इसी वैचारिक संघर्ष और सामाजिक चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति हैं। उनके जन्मदिवस के अवसर पर होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज, अंबिकापुर के हिंदी विभाग एवं अध्ययन एवं शोध केंद्र द्वारा 13 नवंबर को ‘मुक्तिबोध स्मरण’ के तहत एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। ‘मुक्तिबोध का रचनात्मक संसार और समकालीन यथार्थ’विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य की सामाजिक भूमिका,मुक्तिबोध की वैचारिक प्रतिबद्धता और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर गंभीर विमर्श हुआ। कार्यक्रम के प्रथम सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. (सि.) शांता जोसेफ ने की। मुख्य वक्ता महेश वर्मा ने मुक्तिबोध के साहित्य का विश्लेषण करते हुए कहा कि समकालीन यथार्थ की जटिल चुनौतियों के बीच साहित्य बदलाव की संभावनाओं के लिए नई राहें खोलता है। उन्होंने मुक्तिबोध की रचनाओं में मौजूद वैचारिक गहराई, जीवन-दृष्टि और सामाजिक अंतर्विरोधों को रेखांकित करते हुए बताया कि बदलते समय में भी उनकी रचनाएं किस तरह प्रासंगिक बनी हुई हैं। उन्होंने छात्राओं को साहित्य को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उसे व्यापक सामाजिक और वैचारिक संदर्भों में समझने की प्रेरणा दी।
अतिथि वक्ता डॉ. कामिनी ने मुक्तिबोध के गद्य साहित्य, विशेषकर उनकी कहानियों पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि मुक्तिबोध की कहानियां उपभोक्तावादी संस्कृति, मध्य वर्गीय मानसिकता,सामाजिक विडंबनाओं और व्यक्ति के आंतरिक द्वंद्वों को बेहद सूक्ष्मता से उजागर करती हैं। उनका कथा साहित्य व्यक्ति और समाज के बीच मौजूद अंतर्विरोधों को समझने की दृष्टि प्रदान करता है।
युवा कवयित्रियों ने कविताओं से रखे अपने विचार : सेमिनार के द्वितीय सत्र में युवा कवयित्रियों का काव्यपाठ आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रो. विश्वासी एक्का ने की। उन्होंने मुक्तिबोध की कविताओं का संदर्भ देते हुए कहा कि परिस्थितियां कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों, सत्य के पक्ष में निर्भीकता से खड़े रहना जरूरी है। उन्होंने युवा रचनाकारों को लेखन के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि मन में विचार आते ही उन्हें शब्दों में ढालना चाहिए, क्योंकि निरंतर अभ्यास और लेखन से ही रचनात्मकता विकसित होती है। इस सत्र में रितिका, रजनी, अंजुला, स्नेहा और प्रज्ञा ने अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ किया। युवा कवयित्रियों की रचनाओं में उनकी संवेदनाएं और रचनात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिली। वहीं, अर्चना यादव द्वारा बनाया गया मुक्तिबोध का स्केच भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। सेमिनार के माध्यम से मुक्तिबोध के साहित्य, उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता, सामाजिक सरोकारों और समकालीन समय में उनकी प्रासंगिकता पर सार्थक संवाद हुआ। कार्यक्रम ने छात्राओं को साहित्य के प्रति संवेदनशीलता के साथ आलोचनात्मक और वैचारिक दृष्टि विकसित करने का अवसर दिया।
कार्यक्रम का संयोजन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मृदुला सिंह ने किया। आयोजन समिति में सुश्री कविता एक्का एवं सुश्री सुमन भगत की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@कुत्ते के बच्चों को बेरहमी से मारकर जलाया एफआईआर दर्ज करने सौंपा आवेदन

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर के पंजाब गार्डन के पीछे 6 कुत्ते के बच्चों …

Leave a Reply