Breaking News

उदयपुर@ कुमकी हाथियों से रेस्क्यू जारी,उदयपुर में 18 स्कूल बंद,चिंघाड़ से थर्राया गांव

Share


ग्रामीण बोले-26 हाथियों से ढाई महीने से परेशान,हाथियों का दल कुसुआमुड़ा में डटा…
-संवाददाता-
उदयपुर,14 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा में आतंक का पर्याय बन चुके लोनर हाथी कबरा कान 17 हाथियों के दल के मुखिया से संघर्ष के बाद कुसुआमुड़ा जंगल में डटा है। वन विभाग और ग्रामीणों के मुताबिक,रात करीब 10 बजे तक दोनों नर हाथियों के बीच भीषण लड़ाई चली। लड़ाई के दौरान जंगल में गूंजी तेज चिंघाड़ से पूरा सायर गांव थर्रा गया। लड़ाई में जीत के बाद कबरा ने पुराने मुखिया को ग्रुप से बाहर खदेड़ा और पूरे दल पर कब्जा कर लिया। वन विभाग को उम्मीद है कि हाथियों के समूह का मुखिया बनने के बाद कबरा कान हाथी के आक्रामक स्वभाव में बदलाव आ सकता है। लड़ाई के बाद कबरा हाथी दल के साथ लड़ाई स्थल से करीब दो किलोमीटर दूर कुसुआमुड़ा के जंगल में डटा है,जहां कुछ दिन पहले मादा हथिनी मृत पाई गई थी। यहां कबरा कान हाथी के साथ 18 हाथियों का दल एक साथ मौजूद है। ड्रोन के थर्मल इमेज में भी दल की लोकेशन वही मिली है। वन विभाग का अमला और हाथी मित्र दल के एलीफेंट ट्रैकर लगातार निगरानी रख रहे हैं। वनरक्षक मुकेश कुमार राठौर का कहना है कि कबरा कान हाथी 17-18 महीने बाद उदयपुर परिक्षेत्र में प्रवेश किया है,जो बहुत ही आक्रामक और उत्पाती है। 12 नवम्बर को झिरमिट्टी में एक को मौत के घाट उतारने के बाद दो कुमकी हाथियों के माध्यम से ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ने का अभियान चलाया गया है,लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। अभियान जारी रहेगा। इसे रेस्क्यू करने के बाद रमकोला रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा।
घेराबंदी करके ट्रैंक्विलाइज की तैयारी : मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि, लोनर एलिफेंट अपने झुंड से अलग रहता है। इस क्षेत्र में इसके द्वारा कई घटनाएं की गई हैं। अंबिकापुर, सूरजपुर,बलरामपुर इलाके तक इसकी दहशत है। शुक्रवार से ही उदयपुर में इसकी घेराबंदी करके ट्रैंक्विलाइज करने की तैयारी चल रही है। कुमकी हाथियों की टीम मौके पर है,डॉक्टर मौजूद हैं, फील्ड ट्रैकिंग का सिलसिला अनवरत जारी है। ट्रैंक्विलाइज टीम लास्ट लोकेशन के पास है। सुरक्षित स्थिति होने पर ही ट्रैंक्विलाइज की प्रोसेस पूरी की जाएगी।
ढाई महीने से 26 हाथियों का दल मंडरा रहा : ग्रामीण बृज कुमार सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि ढाई महीने से 26 हाथियों का दल उनके लिए खतरा बना हुआ है। फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। दो दिन पहले इस क्षेत्र में प्रवेश किया कबरा कान हाथी का खौफ कुछ अधिक ही है। काफी आक्रामक स्वभाव होने के कारण इलाके के लोगों की नींद उड़ गई है। छोटे-छोटे बच्चों के साथ ठंड में आग तापकर वे रतजगा करने विवश हैं।?घर के अंदर-बाहर वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जन-जीवन के लिए खतरा बने हाथी को सिर्फ रेडियो कॉलर लगाना पर्याप्त नहीं है, अभ्यारण्य में भेज देना चाहिए, ताकि हाथी भी सुरक्षित रहें और यहां की जनता और फसल भी सुरक्षित रहे।
सुरक्षा के चलते उदयपुर में 18 स्कूल बंद : कबरा हाथी की अनियमित चाल और आक्रामकता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने एहतियात बरता है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को हाथी झिरमिटी के जंगलों में था, तो झिरमिटी संकुल के 6 स्कूल बंद किए गए थे। शनिवार को सायर क्षेत्र में होने से सायर संकुल के 10 स्कूल और महेशपुर संकुल के 2 स्कूल, करीब डेढ़ दर्जन विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। रविवार को अवकाश रहने के कारण वैसे भी स्कूल बंद रहेंगे। प्रधान पाठकों को एसएमसी सदस्यों के माध्यम से बच्चों तक सूचना पहुंचाने के लिए कहा गया है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@कुत्ते के बच्चों को बेरहमी से मारकर जलाया एफआईआर दर्ज करने सौंपा आवेदन

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर के पंजाब गार्डन के पीछे 6 कुत्ते के बच्चों …

Leave a Reply