3 लाख का मशरू का बरामद,एक चोरी की रिपोर्ट से खुलीं चार अन्य वारदातें;बिहार का रहने वाला आरोपी केदारपुर में बना था ठिकाना
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी दोपहिया गाडि़यां कितनी सुरक्षित हैं,यह गांधी स्टेडियम और चौपाटी से हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं से समझा जा सकता है। शातिर चोर एक के बाद एक पांच मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता रहा और वाहन मालिकों को इसकी भनक तक नहीं लगी। हालांकि, एक मोटरसाइकिल की चोरी की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो चोरी की चार अन्य वारदातों का भी खुलासा हो गया। पुलिस ने बिहार निवासी 50 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
एक शिकायत ने खोली चोरी की पांच वारदातों की परतें : मामले की शुरुआत 12 नवंबर 2026 को हुई, जब गांधीनगर थाना क्षेत्र के महुआपारा निवासी आदित्य कुजूर अपनी होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र-15-ष्ठ्य-2980 से गांधी स्टेडियम पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक स्टेडियम के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटे तो मोटरसाइकिल गायब थी। काफी तलाश के बाद भी वाहन नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 790/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी : लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने कोतवाली पुलिस को त्वरित कार्रवाई और चोरी के वाहनों की बरामदगी के निर्देश दिए। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध विजय गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विजय गुप्ता (50), पिता इन्द्रदेव गुप्ता,निवासी डेहरी कोयला डिपो के पास, थाना डेहरी, जिला रोहतास (बिहार), वर्तमान निवास केदारपुर,अंबिकापुर बताया।
पुलिस के मुताबिक,पूछताछ में आरोपी ने गांधी स्टेडियम के बाहर से आदित्य कुजूर की होंडा ड्रीम युगा चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा एक बजाज सीटी, एक स्प्लेंडर प्लस और दो होंडा ड्रीम शाइन मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पांचों मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur