Breaking News

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी @ मतदाता सूची की कथित गड़बडि़यों पर कांग्रेस की जन चौपाल..चिरमिरी और नागपुर चौराहे में उठी ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ की आवाज

Share


डॉ.चरणदास महंत,सांसद ज्योत्सना महंत और अभियान प्रभारी डॉ. देवाशीष पटनायक ने मताधिकार की सुरक्षा को बताया लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत
-संवाददाता-
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी,14 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने चिरमिरी के पोड़ी क्षेत्र और नागपुर चौराहे में जन चौपाल आयोजित की,छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने लोकतंत्र,निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची में संभावित गड़बडि़यों को लेकर अपनी बात रखी, नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पात्र नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित कर सकती है, उन्होंने आम नागरिकों से अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील की,जन चौपाल में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं अभियान प्रभारी डॉ. देवाशीष पटनायक,छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तथा सांसद ज्योत्सना महंत सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे,दोनों स्थानों पर आयोजित संवाद कार्यक्रमों में मतदाता सूची की पारदर्शिता,विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया और कथित वोट चोरी के आरोपों पर चर्चा की गई।
हर मतदाता अपने नाम की जांच करे- नेताओं ने नागरिकों से अपील की कि वे केवल मतदान के दिन सक्रिय होने के बजाय मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान भी सजग रहें, प्रत्येक परिवार अपने सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचे,नाम में गलती,पता संबंधी त्रुटि अथवा किसी पात्र सदस्य का नाम सूची में नहीं होने जैसी स्थिति सामने आने पर नियमानुसार सुधार और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाएं,उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया, नेताओं के अनुसार अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं को सामने लाना,नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को जनस्तर तक पहुंचाना है।
लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं : कांग्रेस नेता-जन चौपाल में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत नागरिक का मताधिकार है,प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मत का स्वतंत्र और निष्पक्ष उपयोग करने का अवसर मिलना चाहिए,मतदाता सूची में पारदर्शिता,निर्वाचन प्रक्रिया पर भरोसा और नागरिकों के अधिकारों का संरक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी शर्तें हैं,कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को मतदाता सूची से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी, कार्यकर्ता लोगों को सूची में अपना नाम देखने, त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराने और अपनी आपत्तियां संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की रही मौजूदगी-कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक गुलाब कमरो,पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल, वासुदेव जी,ओम प्रकाश गुप्ता,रफीक मेमन, प्रभा पटेल,कृष्ण मुरारी तिवारी,बलबीर सिंह तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे, इसके अलावा ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामनरेश पटेल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। जन चौपाल में रामा यादव,विष्णु दास,निर्मला चतुर्वेदी,शरण सिंह, सुरेन्द्र सिंह मखीजा,राजा राम कोल,कृष्णा, अमोल सिंह,अज्जू रवि,संदीप द्विवेदी,मकबूल अख्तर,श्याम दीवान,नीलिमा सामल,अमित दास, शिवांश जैन,आनंद राय,पिंटू भास्कर, जगदीश मधुकर,राजा पांडे और शाहनवाज अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक मौजूद रहे।
बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने का संकल्प-जन चौपाल के समापन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाता जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया,नेताओं ने कहा कि अभियान को केवल बैठकों और चौपालों तक सीमित नहीं रखा जाएगा,बल्कि गांवों, मोहल्लों और बूथ स्तर तक पहुंचकर नागरिकों से संवाद किया जाएगा,कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची की पारदर्शिता,निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे पर जनजागरूकता जारी रहेगी,पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं के निराकरण में नागरिकों का सहयोग करने की अपील की,चिरमिरी और नागपुर चौराहे की जन चौपालों के जरिए कांग्रेस ने मतदाता सूची की कथित अनियमितताओं का मुद्दा स्थानीय स्तर पर उठाया,अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जनजागरूकता के साथ-साथ मतदाताओं की वास्तविक शिकायतें संबंधित निर्वाचन अधिकारियों तक किस तरह पहुंचती हैं और उनका निराकरण किस प्रकार होता है।
मतदाता सूची की गड़बडि़यों को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
जन चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान कराने से सुनिश्चित नहीं होती,बल्कि यह भी जरूरी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और उसे बिना किसी बाधा के मतदान का अवसर मिले,नेताओं ने मतदाता सूची में नामों की कथित गड़बड़ी,पात्र मतदाताओं के नाम छूटने,अन्य स्थानों से संबंधित नाम दर्ज होने और विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए,कांग्रेस नेताओं का कहना था कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना निर्वाचन व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है,यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट जाता है अथवा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम गलत तरीके से दर्ज होता है,तो इससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल पैदा हो सकते हैं,हालांकि जन चौपाल में उठाए गए ये मुद्दे कांग्रेस की ओर से व्यक्त की गई आशंकाएं और आरोप हैं,जिनकी पुष्टि संबंधित निर्वाचन अभिलेखों और आधिकारिक जांच से ही हो सकती है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@कुत्ते के बच्चों को बेरहमी से मारकर जलाया एफआईआर दर्ज करने सौंपा आवेदन

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर के पंजाब गार्डन के पीछे 6 कुत्ते के बच्चों …

Leave a Reply