-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। लोकआस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को छठव्रतियों ने तालाबों,जलाशयों नदियों में स्नान करने के बाद प्रसाद बनाया। शाम में शांत वातावरण में खरना का धार्मिक अनुष्ठान पूरा कर प्रसाद ग्रहण किया। व्रतियों के प्रसाद खाने के बाद परिवार के अलावा पड़ोसी,रिश्तेदारों का प्रसाद खाने का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। इसके साथ ही तकरीबन 36 घंटे का व्रतियों का निर्जला उपवास शुरू हो गया। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके लिए व्रती तालाब, नदी, डेम में स्नान कर शाम में भगवान भुवन भास्कर को पहला अर्घ्य देंगे। फिर सोमवार की सुबह जलाशयों में उतरकर भगवान की आराधना करेंगे। साथ ही उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे, इसके साथ ही चार दिवसीय महा छठ की पूर्णाहुति होगी।
शुद्धता का रखा पूरा ध्यान : खीर प्रसाद बनाने के लिए नदियों और कुएं के पानी इस्तेमाल किया। नए चूल्हे पर आम की लकड़ी को जलावन में इस्तेमाल करते हुए पीतल के बर्तन में खरना के लिए प्रसाद बनाया गया। प्रसाद के लिए खीर व पूरी बनाई। शाम ढलते ही छठ व्रतियों ने छठ गीतों के बीच प्रसाद ग्रहण किया।
छठ घाट व्रतियों के लिए तैयार : लोक आस्था के महापर्व छठ के लिए शंकर घाट, घुनघुट्टा नदी का छठ घाट, शिवधारी कॉलोनी, शिवसागर बांध सहित अन्य छठ घाट व्रतियों के लिए पूरी तरह तैयार है। शंकर घाट पर महामाया छठ सेवा समिति द्वारा तैयारी की गई है। घुनघुट्टा में श्याम सेवा समिति, ग्राम पंचायत उदयपुर ढ़ाब स्थित उत्तर वाहिनी घुनघुट्टा नदी तट पर श्रीराम घाट छठ पूजा सेवा समिति द्वारा तैयारी की गई है।
व्रतियों ने घाट बांधकर की पूजा : चार दिवसीय छठ के दूसरे दिन रविवार को व्रतियों ने पूरे दिन उपवास रखा। शाम को छठ घाट पर जाकर नदी-तालाबों व जलाशयों में स्नान करने के बाद नदी के ही रेत व मिट्टी को उठाकर घाट बांधने के बाद पूजा अर्चना की।
खरीददारी का सिलसिला जारी : इधर रविवार को बाजार में काफी रौनक रही। लोग पूजन सामग्री,फल अन्य सामान की खरीददारी करने में व्यस्त रहे। शहर के गुदरी बाजार में जगह-जगह गन्ना, सूप-दउरा,पूजन सामग्री आदि के स्टॉल लगाए गए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur