- सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया
- न्योता भोज व पुरस्कार वितरण के साथ हुआ दो दिवसीय आयोजन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरहरी में जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। पहले दिन कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन तथा छत्तीसगढ़ राज्य गीत के गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज वर्चुअल माध्यम से जुड़े, साथ ही सरपंच मीनमती मंच पर मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत प्रतापपुर की जनपद सदस्य कुंती शिवपाल कुशवाहा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विजय नारायण कुशवाहा,प्रेमचंद कुशवाहा, रूद्र प्रसाद कुशवाहा,उपसरपंच श्रीमती उषा देवी, शिवचरण नापित,अरविंद पटेल एवं रामनाथ यादव उपस्थित रहे।
महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान : अपने वर्चुअल उद्बोधन में अपने सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने क्षेत्रवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान के साथ-साथ सरगुजा संभाग के जनजातीय गौरव माता राजमोहिनी देवी और संत गहिरा गुरु के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके बताए मार्ग पर सतत् चलने का आह्वान किया। स्वागत उद्बोधन में संस्था के प्राचार्य दिलीप तिवारी ने संत-महापुरुषों की जीवनी को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। इसके पश्चात कक्षा 11वीं की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सभा को विजय नारायण कुशवाहा,अरविंद पटेल,शिवचरण नापित,सरपंच मीनमती एवं जनपद सदस्य कुंती शिवपाल कुशवाहा ने भी संबोधित किया।
दूसरे दिन मनाया गया बाल दिवस, बच्चों ने चखा न्योता भोज का स्वाद : जनजातीय गौरव सप्ताह के दूसरे दिन विद्यालय में‘बाल दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य दिलीप तिवारी द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू (चाचा नेहरू) के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार के स्टाफ द्वारा सभी बच्चों के लिए विशेष रूप से न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसे बच्चों ने बड़े ही रुचिपूर्वक ग्रहण किया और अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए।
विविध प्रतियोगिताओं में
विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी के संयोजन एवं संचालन में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को 8 वर्गों में विभाजित कर 5 राउंड की रोमांचक ‘जनजातीय गौरव क्विज प्रतियोगिता’ कराई गई। कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण जनजातीय गौरव रंगोली, चित्रकला, भाषण और सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिताएं रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur