हैदराबाद,14 नवम्बर 2026। राहुल गांधी ने शनिवार को हैदराबाद में कहा कि 2014 में हमने एक बिल्कुल नया चुनाव देखा। कुछ ऐसा जो हमने पहले कभी नहीं देखा था। राजनीतिक व्यवस्था में भारी मात्रा में पैसा झोंक दिया गया।
चुनावी व्यवस्था,जिसमें अक्सर कड़े मुकाबले और गठबंधन देखने को मिलते थे,वह अचानक पूरी तरह बदल गई। विपक्ष सदमे में था तो यह कहना गलत नहीं होगा। राहुल हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के भारत समिट के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम हैदराबाद के नोवोटेल होटल में आयोजित किया गया। राहुल गांधी ने कहा…फासीवादी अक्सर चिल्लाते हैं। वे शोर मचाते हैं, चीखते-चिल्लाते हैं और किसी की सुनते नहीं। चूंकि आम लोग दूसरों की बात सुनते हैं, ध्यान देते हैं और विनम्र होते हैं, इसलिए फासीवादियों की आवाज ज्यादा तेज सुनाई देती है।
हम वर्तमान के साथ भविष्य के लिए लड़ रहे : राहुल
हम केवल वर्तमान से नहीं लड़ रहे, हम वर्तमान, भूतकाल और भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। हमारा इतिहास महात्मा गांधी से शुरू से हुआ था। हमारे दो हथियार हैं- सत्य और अहिंसा। हमने देखा है कि हिंसा काम नहीं करती, दया काम करती है। लोगों को समझाना काम करता है।
कुछ लोगों को लगता,वे सब जानते : राहुल
आपको कई लोग व्यवसायों के शीर्ष पर मिल जाएंगे। वे शिक्षा के क्षेत्र में भी दिखते हैं। उन्हें लगता है कि वे सब कुछ जानते हैं और राजनीति में हम उन्हें ‘फासीवादी’ कहते हैं।
राहुल गांधी हैदराबाद में गिग
वर्कर्स की बाइक रैली में हुए शामिल

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को हैदराबाद में गिग वर्कर्स की बाइक रैली में शामिल हुए। यह रैली ‘तेलंगाना गिग वर्कर्स सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजना’ के शुभारंभ से पहले निकाली गई। इसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद रहे। रैली शिल्पारामम सभागार से शुरू होकर शहर के आईटी कॉरिडोर स्थित माधापुर के जयभेरी ग्राउंड में समाप्त हुई। इस दौरान राहुल गांधी बाइक पर पीछे बैठे नजर आए और गिग वर्कर्स के साथ रैली में शामिल हुए। योजना के शुभारंभ के अवसर पर गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सरकार उनकी समस्याओं और चिंताओं को दूर करने के अपने वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा, तेलंगाना के गिग वर्कर्स के साथ मेरी एक बैठक हुई थी। उस दौरान आपने अपना दुख और दर्द साझा किया था। मैंने आपसे वादा किया था कि कांग्रेस पार्टी, मुख्यमंत्री और हम सभी आपकी मांगों पर कदम उठाएंगे। आपकी मदद और सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur