Breaking News

अम्बिकापुर@अंबिकापुर में कड़ाके की ठंड का फायदा उठाकर बड़ी चोरी,नकदी व जेवरात पार

Share


अम्बिकापुर,28 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। अंबिकापुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महामाया वार्ड के जरहागढ़ इलाके में शनिवार रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में सो रहे ससुर और बहू की मौजूदगी के बावजूद बेखौफ होकर नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी रविवार सुबह करीब पांच बजे तब हुई,जब बहू शौच के लिए उठी और घर के कमरों के दरवाजे खुले मिले। प्राप्त जानकारी के अनुसार,पीडि़ता यासमीन खातून अपने ससुर के साथ उक्त मकान में रहती हैं। उनके पति वाहन चालक हैं और शनिवार को सवारी लेकर झारखंड के नेतरहाट गए हुए थे। वहीं,जेठ और जेठानी भी किसी काम से बाहर गए थे। घर के फर्स्ट फ्लोर पर रहने वाली ननद स्कूल में छुट्टी होने के कारण अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई थी। इस प्रकार घटना की रात घर में केवल यासमीन खातून और उनके ससुर ही मौजूद थे। शनिवार रात दोनों ने भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरे में सो गए। रविवार सुबह करीब पांच बजे यासमीन खातून की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि कमरों के दरवाजे खुले हुए हैं। यह देखकर वह घबरा गईं। जब उन्होंने घर के अन्य कमरों की जांच की तो पाया कि सभी कमरों की अलमारियों के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि दो कमरों से लगभग 50 हजार रुपए नकद और करीब पांच लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके हैं। पीडि़ता ने बताया कि नीचे स्थित जेठानी के कमरे और ऊपर ननद के कमरे की अलमारियों को भी चोरों ने निशाना बनाया। इन कमरों से भी कीमती जेवरात चोरी कर लिए गए हैं। चोरों ने बेहद शांति और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया,जिससे घर में सो रहे किसी भी सदस्य को भनक तक नहीं लगी। यासमीन खातून ने आशंका जताई है कि चोर घर के पीछे के रास्ते से खिडकी के सहारे छत पर चढ़े और फिर नीचे उतरकर घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर कमरों की अलमारियों के ताले तोडकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। गौरतलब है कि अंबिकापुर में पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर के चलते तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। ठंड के कारण रात के समय लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। इसी का फायदा उठाकर चोर सक्रिय हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड के चलते पुलिस गश्त में भी कमी आई है, जिससे चोरी की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply