Breaking News

नई दिल्ली@वक्फ संशोधन विधेयक का देश में विरोध

Share


संसद से पास वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ कई शहरों में जोरदार प्रदर्शन

कहीं जलाए गए पोस्टर तो कहीं नारेबाजी…
संसद से पास हुआ वक्फ संशोधन विधेयक, कई जगहों पर प्रदर्शन…
मुस्लिम समुदाय ने किया बिल का विरोध,इसे वापस लेने की कर दी मांग…
कोलकाता,अहमदाबाद, चेन्नई समेत कई शहरों में सड़क पर उतरे लोग…
नई दिल्ली,04अप्रैल 2025 (ए)।
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार वक्फ संशोधन विधेयक को संसद से पास कराने में सफल रही। अब राष्ट्रपति का हस्ताक्षर होने के बाद ये कानून बन जाएगा। भले ही केंद्र सरकार ये भरोसा दिलाने की कोशिश कर रही हो कि वक्फ विधेयक से मुसलमानों को कोई नुकसान नहीं होगा। बावजूद इसके मुस्लिम समुदाय में इस बिल को लेकर आक्रोश नजर आ रहा। यही वजह है कि देश के अलग-अलग शहरों में बिल के खिलाफ उन्होंने प्रदर्शन भी किया। वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ शुक्रवार को कोलकाता, चेन्नई और अहमदाबाद की सड़कों पर हजारों लोग जमा हुए। मुस्लिम समुदाय के इन लोगों ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन किया।
ममता की वक्फ बिल पर खरी-खरी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि वह राज्य के मुसलमानों को अपनी जमीन नहीं खोने देंगी। उन्होंने बीजेपी पर देश को विभाजित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने भी ऐसा ही आरोप लगाया है। ममता बनर्जी ने ऐलान किया कि जब गैर-बीजेपी सरकार केंद्र में बनेगी तो इस विधेयक को रद्द कर दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों की चिंता है कि नए वक्फ कानून पिछली तारीख से लागू होंगे। इससे मौजूदा संपत्तियां प्रभावित होंगी।
सरकार वक्फ बिल को बता रही ऐतिहासिक सुधार
हालांकि, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद को बताया कि यह कानून भविष्य में लागू होगा। गृह मंत्री अमित शाह ने भी उनका समर्थन किया। वक्फ कानूनों में बदलावों को संसद ने मंजूरी दे दी है। इस पर दोनों सदनों में 12-12 घंटे से ज्यादा की चर्चा हुई। विपक्ष ने इसे मुस्लिम विरोधी बताया, जबकि सरकार ने इसे ऐतिहासिक सुधार करार दिया है।
वक्फ विधेयक रद्द करो के लगे नारे
वक्फ बिल के खिलाफ शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद जिन राज्यों में प्रदर्शन हुए उनमें पश्चिम बंगाल,गुजरात,तमिलनाडु,तेलंगाना,कर्नाटक और असम शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने विधेयक को लेकर अपनी असहमति जताई। उन्होंने हम वक्फ संशोधन को अस्वीकार करते हैं और वक्फ विधेयक रद्द करो जैसे नारे लगाए। कई विरोध प्रदर्शन जॉइंट फोरम फॉर वक्फ प्रोटेक्शन द्वारा आयोजित किए गए थे।
अहमदाबाद,कोलकाता,चेन्नई में प्रदर्शन
अहमदाबाद में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हटाने की कोशिश की। एआईएमआईएम के राज्य इकाई के प्रमुख और 40 सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में लिया। चेन्नई में भी इसी तरह के दृश्य देखने को मिला। अभिनेता विजय की पार्टी, तमिलगा वेट्ट्री कजगम ने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। टीव्हीके कार्यकर्ताओं ने चेन्नई और कोयंबटूर जैसे शहरों में रैलियां कीं। उन्होंने वक्फ विधेयक को रद्द करो और मुसलमानों के अधिकार मत छीनो जैसे नारे लगाए। अभिनेता-राजनेता विजय ने वक्फ विधेयक को अलोकतांत्रिक बताया। उन्होंने कहा कि यह भारत की धर्मनिरपेक्ष नींव पर सवाल उठाता है।
यूपी में हाई अलर्ट पर रहा पुलिस प्रशासन
लखनऊ में भी तनाव की स्थिति रही। डीसीपी आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने सभी से विधेयक को पढ़ने के बाद ही राय बनाने को कहा है। वे सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहे हैं। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पुलिस हाई अलर्ट पर है। फ्लैग मार्च जारी है। लखनऊ में दरगाहों और मस्जिदों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पश्चिम बंगाल में इन विरोध प्रदर्शनों से अगले साल होने वाले चुनावों से पहले स्थिति और तनावपूर्ण हो सकती है।


Share

Check Also

बसंतपुर@यूपी से अवैध डीजल लाकर खपा रहे थे,बसंतपुर पुलिस ने दबोचा

Share स्कॉर्पियो से 385 लीटर डीजल जब्त,दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए न्यायिक रिमांड पर-संवाददाता-बसंतपुर,02 …

Leave a Reply