Breaking News

अम्बिकापुर@जमीन बिक्री के पैसों को लेकर पिता की हत्या,आरोपी पुत्र गिरफ्तार

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। जमीन बिक्री से मिले पैसों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक पुत्र ने अपने पिता के सिर पर टांगी से वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही दरिमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगी लोहे की टांगी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार ग्राम भालूकछार इमलीपारा निवासी मधुवन शंकर सिंह ने 3 अक्टूबर को थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके बड़े भाई रामाशंकर सिंह की उनके ही पुत्र मुकेश कुमार सिंह ने टांगी मारकर हत्या कर दी है। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे तो रामाशंकर का शव घर के कमरे में पड़ा मिला। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून निकला हुआ था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देश के बाद थाना दरिमा पुलिस एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के पुत्र मुकेश कुमार सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम भालूकछार, थाना दरिमा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने जमीन बिक्री के पैसों को लेकर पिता से विवाद होने और गुस्से में टांगी से उनके सिर पर वार करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त खून लगी लोहे की टांगी जब्त की। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ पुलिसकर्मियों और परिजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर हुआ आयोजित

Share करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों व आश्रितों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से कराया स्वास्थ्य परीक्षण अंबिकापुर, …

Leave a Reply