- नेता प्रतिपक्ष महंत ने कहा…ये आम जनता का है आरोप,हर हफ्ते एक पाप,एक धोखा,एक नाकामी
- 136 आरोपों के बीच विधानसभा में सियासी ड्रामा,अजय चंद्राकर का बड़ा हमला
रायपुर,17 जुलाईं 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र शुक्रवार को साय सरकार के खिलाफ कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने 136 बिंदुओं का आरोप पत्र पेश करते हुए कहा कि ये सिर्फ मेरा आरोप, ये आम जनता का आरोप है। साय सरकार को अब तक 136 हफ्ते हो गए हैं. ये अविश्वास प्रस्ताव किसान,महिलाओं,युवाओं के खिलाफ रचे गए हर हफ्ते के षड्यंत्र का दस्तावेज है। हर हफ्ते का एक पाप,हर हफ्ते का एक धोखा,हर हफ्ते की नाकामी का पूरा दस्तावेज पेश कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि 1963 में जब आचार्य जेपी कृपलानी ने नेहरू सरकार के विरुद्ध लोकसभा में पेश किया था,तब खुद नेहरू जी ने उसका स्वागत करते हुए कहा था कि सरकार के खिलाफ़ लोकतंत्र में ऐसी बहस होती रहे। ये अच्छी परम्परा है। 1979 में जब तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई को ये आभाष हुआ कि सदन में उनकी स्थिति ठीक नहीं है तो उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव के पहले ही त्यागपत्र देना स्वीकार कर लिया। संत पवन दीवान ने लिखा है कि चुप-चुप रहकर सब कुछ सहकर सबका मान बढ़ाते हैं, बार-बार अपमानित होकर ग़ैरों का गुणगान करते हैं, मेहमानों को खूब खिलाकर चुपचाप सो जाते हैं, इसलिए ही छत्तीसगढिय़ा परबुधिया कहलाते हैं। छत्तीसगढ़ में सब कुछ है लेकिन कमी है स्वाभिमान की। मुझसे सही नहीं जाती ऐसी चुप्पी वर्तमान की। मंत्री ओपी चौधरी और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ के लोगों को परबुधिया कहने पर आपत्ति जताई। नेता प्रतिपक्ष ने कहा,ये मेरा लिखा नहीं है। ये संत पवन दीवान की लिखी कविता है। मंत्री ओपी चौधरी के नाम का जिक्र करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आप कब पैदा हुए मुझे नहीं पता,लेकिन ‘छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा’ मेरे पिता का दिया नारा था। हम छत्तीसगढ़ की मूल भावना चरित्र को रख रहे हैं, उसमें भी लोगों को तकलीफ हो रही है।
अहंकार में डूबी सरकार : कोरिया जिले में 29 वर्षीय महिला का बलात्कार कर उसे जि़ंदा जला दिया गया। थाने पहुंचे एक फरियादी को पीट-पीट कर मार डाला गया। राखी के दिन मुख्यमंत्री के क्षेत्र में एक बहन का रेप कर मार दिया। इसे जंगलराज ना कहूँ, तो क्या कहूँ। मुख्यमंत्री,मंत्रिमंडल,प्रशासनिक अधिकारी एक भी आलोचना को बर्दाश्त नहीं कर सकते। अहंकार में डूबी सरकार है। पंचायत,मनरेगा में चल रहे पिछले सरकार के कार्यकाल के काम तक को रोक दिया गया। जनहित के नाम पर सरकार सिर्फ अपनी जेब भर रही है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा…मोहसिन किदवई की लड़की की इवेंट कंपनी को चंद्रखुरी में साढे पाँच करोड़ रुपए का काम दे दिया गया। कुल 28 करोड़ रुपए उन्हें दिए गए।
बलौदाबाजार की घटना की अब तक जांच नहीं…
डॉ. महंत ने कहा कि गुरु बाबा घासीदास जी को जहां ज्ञान मिला वहाँ के जैतस्तंभ को किसी दुष्ट व्यक्ति ने काट दिया। सतनामी समाज ने चेतावनी दी थी कि इसका प्रतिकार उग्र हो जाएगा। तब भी वहां के कलेक्टर-एसपी ने कुछ नहीं किया। देश के इतिहास में इस तरह की यह पहली घटना थी। इसकी आंच हमारी मान्यताओं पर, हमारे धर्म तक पहुंची। इस घटना ने समाज को उद्वेलित कर दिया। क्या हुआ इस घटना का? इतने दिनों तक इसकी जाँच नहीं हो पाई।
पिछली सरकार में कर दिया सबलेट
अजय चंद्राकर ने कहा कि सदन में ही पिछली सरकार के मुख्यमंत्री ने सीना ठोककर कहा था कि मैं बोधघाट परियोजना शुरू करके रहूँगा। 12 करोड़ रुपए फूंक दिए गए। मूँछों में ताव दिया गया था। क्या हुआ? रबी फसल को समर्थन मूल्य पर लेने की बात कही गई थी, लेकिन क्या हुआ? पिछली सरकार में सबलेट कर दिया गया। दारू आप देखो। राशन आप देखो? कोयला आप देखो? साय सरकार आते ही पीएससी घोटाले की जांच का निर्णय लिया गया था। पिछली सरकार में एक ही कमरे से 35 लोगों की भर्ती हो गई थी।
ऐसा विपक्ष किस काम का जो सिर्फ औपचारिकता पूरी करेः चंद्राकर
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने अविश्वास प्रस्ताव पर सत्तापक्ष कि ओर से जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष वाचडॉग होता है, लेकिन ऐसा विपक्ष किस काम जिसने सिर्फ औपचारिकता पूरी कर दी। भूपेश बघेल मध्य प्रदेश की विधानसभा में रहे वो जानते होंगे कि ऐसे अविश्वास प्रस्ताव की पोंगरी बनाकर उचित जगह पर डाल लीजिए। जिनके अपने घर शीशे के होते हैं, दूसरों के घर पत्थर नहीं फेंका करते। इतिहास में हम गजनवी, तैमूर, अब्दाली को पढ़ते हैं,लेकिन नादिर शाह के समय दिल्ली में सबसे ज्यादा लूट हुई। पिछली सरकार नादिर शाह की तरह ही थी। नेता प्रतिपक्ष ये बताए कि उनकी निष्ठा राज्य के प्रति है या किसी एक परिवार की। कांग्रेस के दो इतिहास लिखे गए हैं। एक आजादी के पहले और एक बाद। जो फ़्लेटर होता है वो जनता के प्रति जवाबदेह नहीं होता। एक सज्जन थे जो कहते थे कि इदिरा इस इंडिया,इंडिया इस इंदिरा और एक नेता प्रतिपक्ष है जिन्होंने कहा था कि सोनिया गांधी के कहने पर झाड़ू भी लगा सकते हैं। अजय चंद्राकर ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत से पूछा कि धुरंधर देखी है आपने। उस फि़ल्म में जमील जमाली की एक विशेषज्ञता थी कि वह हर किसी का आदमी था। आपने अंबिकापुर में बयान दिया था कि इस बार टीएस सिंहदेव के चेहरे पर चुनाव लड़ा जाएगा लेकिन रायपुर में भूपेश बघेल के बयान के बाद आपने अपना पाला बदल लिया।
तीन साल फरार था
कांग्रेस का कोषाध्यक्ष
अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी पार्टी है,जिसका कोषाध्यक्ष तीन साल से फऱार था। बगैर कोषाध्यक्ष पार्टी चलती है? पूरे देश के राजनीतिक इतिहास में आज तक ऐसा उदाहरण आया हो कि उसका कोषाध्यक्ष लापता है। आईना बेचने वालों को थोड़ा आईना दिखाता हूँ। छत्तीसगढ़ के लोगों की भावना के साथ खिलवाड़ किया गया। 76 फीसदी कुल आरक्षण का बिल लाया गया। विधानसभा में इसे पारित किया गया। एक संकल्प आया कि नौंवी सूची में इसे जोड़ा जाए। हमारे पाले में गेंद डालने की कोशिश की गई। केंद्र सरकार पर डाल दिया।
महतारी वंदन योजना पर सदन में घमासान,लाखों महिलाओं का मुद्दा उठा,विपक्ष ने किया वॉकआउट
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में शुक्रवार को महतारी वंदन योजना को लेकर सदन में तीखी बहस देखने को मिली। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने पहली किस्त के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम योजना से हटाए जाने और कई हितग्राहियों को अब तक लाभ नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। प्रश्नकाल के दौरान उमेश पटेल ने सरकार से पूछा कि पहली किस्त मिलने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम योजना से क्यों काटे गए। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि अपात्र घोषित किए जाने के बावजूद करीब एक लाख महिलाओं को योजना का लाभ क्यों नहीं मिल रहा और बंद पोर्टल दोबारा कब खोला जाएगा। जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि 1 लाख 55 हजार 655 हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण भुगतान लंबित है। इसके अलावा मृत, आयकरदाता, शासकीय सेवकों के परिवारों सहित निर्धारित मानदंडों के अनुसार अपात्र पाए गए हितग्राहियों के नाम भी सूची से हटाए गए हैं। मंत्री ने कहा कि लगभग एक लाख महिलाओं की राशि केवल ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण रुकी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि विष्णु का सुशासन है, जल्द ही पोर्टल खोला जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार ने बेहद कम समय में आवेदन प्रक्रिया पूरी कर केवल दो माह के भीतर इस महत्वाकांक्षी योजना को लागू किया था। हालांकि मंत्री के जवाब से विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर हितग्राहियों के साथ अन्याय का आरोप लगाते हुए सदन में नारेबाजी की और विरोधस्वरूप वॉकआउट कर दिया।
बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों
को छत्तीसगढ़ सौंपकर मुक्त होना चाहते हैं…
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, 2047 के विकसित छत्तीसगढ़ के मॉडल को बनाने वाले तो मुंबई से थे। राज्य की जनता को कृषि पर आधारित है,उसे तीसरे नम्बर पर रख दिया। उद्योगों को बढ़ावा दिया। सेवा क्षेत्र को बढ़ावा दिया। पिछले ढाई साल में जो काम सरकार ने किया है यह किसानी को खत्म करने की है। ये सब सोची समझी राजनीति है। बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों को छत्तीसगढ़ सौंपकर मुक्त होना चाहते हैं। मुख्यमंत्री जी आदिवासी हैं, लेकिन पेसा कानून की राज्य में क्या हालत है? किस तरह आदिवासी इलाकों में इसका हाल हुआ है? खदान वाले इलाकों से आदिवासी भगाए जा रहे हैं।
भारतमाला परियोजना के लिए जमीन का अधिग्रहण भूपेश सरकार में हुआ
चंद्राकर ने कहा कि- भारतमाला परियोजना के लिए जमीन का अधिग्रहण भूपेश सरकार में हुआ था। एक भी जमीन का अधिग्रहण साय सरकार में नहीं हुआ है। ईडी की कार्यवाही का जिक्र भूपेश बघेल ने किया था। मेरे खç¸लाफ़ एक भी नामजद आरोप नहीं है। पिछली सरकार ने सेस लगाया था. तीन हज़ार करोड़ से ज़्यादा का सेस मिला था। स्वास्थ्य के लिए उपयोग होना था। कोरोना का जिक्र किया गया था। कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि शराब की घर पहुँच शुरू की गई थी, उसमें भी पैसा खा लिया। किसी को नहीं छोड़ा गया था।
नाम जोडऩे पोर्टल खोलने की मांग
कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने पूछा कि महतारी वंदन जब से शुरू हुआ है तब से यह पोर्टल बंद है और जो नए लोग हैं उनका नाम कब जोड़ा जाएगा। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा, पोर्टल कब खुलेगा इसकी चिंता कांग्रेस के लोग ना करें। मंत्री के जवाब के बाद सदन में विपक्ष की नारेबाजी। महिलाओं के साथ अन्याय करना बंद करों के नारे लगा रहे विपक्ष के विधायक कांग्रेस पार्टी ने किया सदन का बहिगर्मन कर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur