लटोरी क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,एक युवक को दूर तक घसीटता ले गया वाहन,चालक की तलाश में जुटी पुलिस
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर-बनारस अंतरराज्यीय राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा लटोरी चौकी क्षेत्र के ग्राम गंगापुर के पास रात करीब 12 बजे हुआ,जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि एक युवक वाहन में फंसकर कुछ दूरी तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी भेजा।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान प्रकाश सिंह (20) निवासी ग्राम कनकपुर, संदीप राजवाड़े (21) निवासी ग्राम वीरपुर करौंदामुड़ा तथा बलवीर यादव (18) के रूप में हुई है। तीनों जयनगर थाना क्षेत्र के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल से सिलफिली मंडी जाने के लिए घर से निकले थे। गंगापुर के पास उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक वाहन में फंस गया और काफी दूरी तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद चालक बिना रुके वाहन लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : लटोरी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने में जुटी है।
गांवों में पसरा मातम : दुर्घटना की खबर मिलते ही कनकपुर और वीरपुर करौंदामुड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार दोपहर बाद तीनों युवकों का स्थानीय मुक्तिधाम में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और परिचित शामिल हुए।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे : अंबिकापुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी तथा एक ही बाइक पर तीन लोगों के सफर जैसी लापरवाहियां हादसों की बड़ी वजह बन रही हैं।
स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रभावी यातायात निगरानी, नियमित गश्त और सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur