निर्माण कार्य की धीमी गति पर जताई नाराजगी,पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
-संवाददाता-
सूरजपुर,03 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिले में शिक्षा अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन शासकीय पॉलिटेक्निक भवन का गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने औचक निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और कार्य की गति का जायजा लिया। निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर भवन का निर्माण पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण स्थल का बारीकी से अवलोकन किया तथा विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्यों की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की,उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति, उपयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा शेष कार्यों को पूरा करने की कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली,उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भवन निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा, सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाएं ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो,कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थान जिले के युवाओं को तकनीकी शिक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण केंद्र है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन के तैयार होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, पर्याप्त कक्षाएं, प्रयोगशालाएं तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाएं उपलब्ध होंगी,उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की नियमित निगरानी की जाए और निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा,यदि किसी स्तर पर लापरवाही या कार्य में अनावश्यक विलंब पाया गया तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी,साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का भी विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ललित भोई ने भवन निर्माण की प्रगति एवं शेष कार्यों की जानकारी कलेक्टर को दी, वहीं एसडीओ एस.के. मिश्रा ने निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना से अवगत कराया, शासकीय पॉलिटेक्निक सूरजपुर के प्रभारी प्राचार्य विवेक कुमार मेहता भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे और उन्होंने नए भवन के निर्माण पूर्ण होने से विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी, कलेक्टर के औचक निरीक्षण के बाद निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों में भी कार्य में तेजी लाने की गंभीरता दिखाई दी, प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि निर्माणाधीन शासकीय पॉलिटेक्निक भवन का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर विद्यार्थियों को जल्द से जल्द आधुनिक संसाधनों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण से युक्त नया परिसर उपलब्ध कराया जा सके, इससे जिले में तकनीकी शिक्षा को नई गति मिलने के साथ युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुविधाओं का लाभ भी प्राप्त होगा।
फोटो 08
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur