अभनपुर, 28 जून 2026 (घटती-घटना)। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम जामगांव के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज जी के बीच आत्मीय मुलाकात हुई। इस दौरान समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसंरक्षण और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज जी ने सोनू सूद का छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर स्वागत करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने उन्हें माँ मातंगी दिव्य धाम में आयोजित होने वाले माँ कोत्रवै प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करने का निमंत्रण दिया, जिसे सोनू सूद ने सहर्ष स्वीकार किया।
चर्चा के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज जी ने सोनू सूद के नेतृत्व में संचालित सूद चैरिटी फाउंडेशन द्वारा देशभर में किए जा रहे मानवसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि माँ मातंगी दिव्य धाम के माध्यम से भी जनकल्याण के विभिन्न कार्य लगातार किए जा रहे हैं, जिसमें जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहायता, अस्थमा रोगियों का निःशुल्क उपचार, आध्यात्मिक एवं स्वास्थ्य सेवाएं, आर्थिक सहयोग, गौसंरक्षण, आईटीबीपी जवानों के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन सहित अनेक सेवा कार्य शामिल हैं।
डॉ. प्रेमासाई महाराज जी ने बताया कि आने वाले समय में “माँ मातंगी शिक्षा रत्न” सम्मान की शुरुआत की जाएगी। साथ ही धाम में आने वाले बच्चों के लिए नैतिक शिक्षा और संस्कार आधारित एक घंटे की विशेष कक्षाएं प्रारंभ करने की योजना है, जिससे बच्चों में शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और सेवा भावना का विकास हो सके।
बैठक में बस्तर क्षेत्र में जनसेवा कार्यों के विस्तार को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। माँ मातंगी दिव्य धाम की ओर से यह विश्वास व्यक्त किया गया कि बस्तर के आदिवासी अंचलों, जरूरतमंद परिवारों, युवाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में सूद चैरिटी फाउंडेशन के साथ मिलकर हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
वहीं सोनू सूद ने भी शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए अपने सेवा अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही समाज को जोड़ने और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे बड़ा माध्यम है। माँ मातंगी दिव्य धाम जामगांव और सूद चैरिटी फाउंडेशन भविष्य में सेवा, सहयोग और मानव कल्याण के साझा उद्देश्य के साथ बस्तर सहित अन्य क्षेत्रों में जनहितकारी अभियान संचालित करेंगे, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur