Breaking News

अम्बिकापुर@घायल महिला की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज

Share


चार दिन पहले हुए हादसे में इलाज का भरोसा देकर अस्पताल में छोड़ हुआ फरार

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 जून 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर क्षेत्र में चार दिन पहले हुए सडक हादसे में घायल महिला की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि तेज रफ्तार कार ने महिला को टक्कर मारने के बाद उसकी बेटी और उसकी सहेली को करीब 200 मीटर तक घसीट दिया। हादसे में तीनों घायल हो गए, जबकि महिला को गंभीर चोटें आईं। चालक इलाज कराने का भरोसा देकर निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद फरार हो गया। जानकारी के अनुसार रिंकी कुमारी 25 जून को अपनी बेटी और उसकी सहेली के साथ गांधीनगर क्षेत्र में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर सडक किनारे खड़ी रिंकी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रिंकी की बेटी और उसकी सहेली भी कार की चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों को कार करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। दुर्घटना में तीनों घायल हुए,जबकि रिंकी को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद कार चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए घायल महिला का पूरा इलाज कराने का आश्वासन दिया। वह रिंकी को शहर के महावीर अस्पताल लेकर गया,जहां प्राथमिक जांच में पसली की हड्डी टूटने की जानकारी दी गई। महिला का आरोप है कि इलाज से संतुष्ट नहीं होने पर वह दूसरे निजी अस्पताल पहुंची,जहां चालक ने उसे भर्ती तो कराया, लेकिन इसके बाद वहां से फरार हो गया। महिला ने बताया कि चालक का नाम प्रमोद है और उसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। घायल होने के बावजूद रिंकी रविवार दोपहर एंबुलेंस से गांधीनगर थाना पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। महिला की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर @ भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगुजा ने किया मंडल प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,28 जून 202६ (घटती-घटना)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा …

Leave a Reply