Breaking News

अम्बिकापुर@मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहली बार बेडसोर के लिए फ्लैप सर्जरी

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 जून 2026 (घटती-घटना)। शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में पहली बार बेडसोर (प्रेशर अल्सर) के उपचार के लिए फ्लैप सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। जटिल मानी जाने वाली इस सर्जरी के सफल होने से क्षेत्र के मरीजों को अब बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के भैयाथान निवासी 35 वर्षीय शोभनाथ पिछले 6 माह से पीठ पर बड़े बेडसोर की समस्या से पीडि़त थे। पैराप्लेजिया (शरीर के निचले हिस्से में लकवा) के कारण वे लंबे समय से बिस्तर पर थे। बेडसोर के कारण उन्हें प्रतिदिन ड्रेसिंग करानी पड़ती थी, जिससे मरीज और परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आर्य के मार्गदर्शन और सलाह के बाद मरीज के स्थायी उपचार के लिए फ्लैप सर्जरी करने का निर्णय लिया गया। चिकित्सकों के अनुसार इस प्रकार की सर्जरी आमतौर पर बड़े और उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों में प्लास्टिक सर्जनों द्वारा की जाती है। 13 जून को सर्जरी विभाग की टीम ने मरीज का सफल ऑपरेशन किया। चिकित्सकों ने बताया कि बेडसोर अल्सर का आकार काफी बड़ा होने के कारण सर्जरी चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन फ्लैप रिकंस्ट्रक्शन प्रक्रिया पूरी तरह सफल रही। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है। बेहतर निगरानी और देखभाल के लिए उसे सर्जिकल आईसीयू में रखा गया है, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में सर्जरी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. मनोज भारती के नेतृत्व में डॉ. आनंद साहू एवं डॉ. अप्पू की भूमिका रही।
वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. रूपक कुमार और डॉ. शिवम शर्मा शामिल रहे। स्टाफ नर्स जैसिंटा ने भी ऑपरेशन के दौरान महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहली बार इस प्रकार की फ्लैप सर्जरी सफल होने को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


Share

Check Also

खड़गवां@ जल जीवन मिशन या ‘जल इंतजार मिशन’?

Share दो साल से अधूरी पानी टंकी बनी ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए खतराकरोड़ों …

Leave a Reply