दंतेवाड़ा,07 जून 2026। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस और सीआरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के घने जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने 2 प्रेशर कुकर आईईडी, 1 पाइप बम तथा नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक और प्रतिबंधित सामग्री बरामद की। बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने मौके पर ही सभी आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्कि्रय कर दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 06 जून को मिली सटीक खुफिया सूचना के आधार पर ग्राम तोड़मा के जंगल क्षेत्र में सीआरपीएफ 195वीं वाहिनी एवं दंतेवाड़ा पुलिस के नेतृत्व में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। यह अभियान द्वितीय कमान अधिकारी विक्रांत वर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक कमांडेंट संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में संचालित किया गया। सर्चिंग के दौरान सुबह लगभग 8ः40 बजे जवानों को जंगल में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए क्षेत्र को घेरकर बीडीएस टीम को बुलाया गया। जांच में वहां 5-5 लीटर क्षमता वाले दो प्रेशर कुकर आईईडी और लगभग 10 किलोग्राम वजन का एक पाइप बम बरामद हुआ। बीडीएस टीम ने विशेषज्ञ तकनीक का उपयोग करते हुए तीनों विस्फोटकों को मौके पर ही निष्कि्रय कर नष्ट कर दिया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्र में व्यापक सर्चिंग कर नक्सलियों के विस्फोटक डंप का भी खुलासा किया।
बरामद सामग्री में बीजीएल,.303 रायफल,एयर रायफल,.303 मैगजीन, चार्जर क्लिप,इंसास मैगजीन,12 बोर कारतूस, ब्लैंक कारतूस,वायरलेस सेट, गन पाउडर,कोर्डेक्स वायर,शॉक वेव डेटोनेटर, 128 इलेक्टि्रक डेटोनेटर,48 गैर-विद्युत डेटोनेटर,51 एमएम बम,दूरबीन,नक्सली वर्दी,कॉम्बेट बेल्ट,मल्टीमीटर,कैमरा फ्लैश,इलेक्टि्रक कंट्रोल यूनिट,बैटरियां, इलेक्टि्रक स्विच,टेलीफोन वायर तथा नक्सली साहित्य सहित बड़ी मात्रा में सामग्री शामिल है। सुरक्षा बलों की सतर्कता,सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी जनहानि टल गई। ऑपरेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित रूप से वापस लौट आए। बरामद सामग्री के संबंध में जब्ती पंचनामा तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur