Breaking News

कांकेर@कांकेर कलेक्टर की गाड़ी पर ‘लाल बत्ती’ और नींबू-मिर्ची! सिस्टम पर उठे सवाल

Share

कांकेर,26 मई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ में वीआईपी कल्चर खत्म करने और सादगी अपनाने की बात लगातार कही जाती रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद कई बार अनावश्यक सरकारी तामझाम और लाल बत्ती संस्कृति से दूर रहने की अपील कर चुके हैं। वहीं कांकेर में कलेक्टर की गाड़ी की एक तस्वीर अब चर्चा का विषय बन गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में कलेक्टर लिखी लग्ज़री वाहन के आगे लाल रंग की प्लेट लगी दिखाई दे रही है। साथ ही गाड़ी के नंबर प्लेट के पास नींबू-मिर्ची भी टंगी नजर आ रही है। तस्वीर सामने आने के बाद लोग तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिले का सबसे बड़ा प्रशासनिक अधिकारी ही अंधविश्वास जैसे प्रतीकों का सहारा लेता दिखे, तो आम जनता में क्या संदेश जाएगा? वहीं दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि सरकार जहां वीआईपी संस्कृति खत्म करने की बात करती है, वहीं अधिकारियों का लग्ज़री गाड़ियों से मोह कम नहीं हो रहा।
बता दें कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2017 में वीआईपी “लाल बत्ती संस्कृति” पर रोक लगा दी थी। इसके बाद सामान्य तौर पर केवल आपातकालीन सेवाओं—जैसे पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड—को ही फ्लैशिंग लाइट इस्तेमाल करने की अनुमति है। ऐसे में वाहन पर लगी लाल पहचान पट्टी को लेकर भी लोग सवाल खड़े कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, CG 04 नंबर वाली यह गाड़ी संभवतः रायपुर से किराए पर ली गई बताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन तस्वीर ने जिले में वीआईपी संस्कृति, सरकारी सादगी और प्रशासनिक छवि को लेकर नई बहस जरूर छेड़ दी है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@पूर्व सैनिकों का किया गया सम्मान…

Share पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों के कल्याण संबंधी विषयों पर हुई चर्चा अम्बिकापुर,26 मई …

Leave a Reply