मॉर्निंग वॉक के समय मोबाइल छीनकर भागा था,भूपेश बोले…‘सुशासन’ पर तमाचा
रायपुर,18 मई 2026। रायपुर में बीजेपी विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह जब कौशिक पैदल चल रहे थे, तभी झपटमार उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वे संभल भी नहीं सके। हालांकि, पुलिस ने आरोपी मणिकांत ध्रुव (19) को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी पेशे से रैपिडो ड्राइवर है। वह मूल रूप से बलौदाबाजार जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा है। इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा कि ‘आप डायल 112 को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरम लाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर 9-2-11 हो गए। उन्होंने आगे लिखा-सोचिए जरा,जब देश के गृहमंत्री अमित शाह जी छत्तीसगढ़ में हैं,उस समय ‘मॉर्निंग वॉक’ के दौरान ऐसी घटना कथित ‘सुशासन’ पर तमाचा है।’
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur