संभाग स्तरीय कार्यक्रम का करेंगी शुभारंभ,आदिवासी संस्कृति और परंपरा को देखेंगी,ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
जगदलपुर,06 फरवरी 2026 । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज बस्तर दौरे पर रहेंगी। वे जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। बस्तर की कला,संस्कृति और आदिवासी परंपरा को करीब से देखेंगी। इस कार्यक्रम की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सैकड़ों जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति,परंपरा और लोककलाओं को नजदीक से देखेंगी। आयोजन स्थल पर विशाल और भव्य मंच का निर्माण किया गया है। मंच और परिसर को आदिवासी कला, पारंपरिक प्रतीकों, रंगों और सजावट से संवारा जा रहा है,ताकि बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा सके। बस्तर पंडुम के तहत विभिन्न जनजातियों के पारंपरिक नृत्य,लोकगीत,वाद्ययंत्र,वेशभूषा और रीति-रिवाजों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। राष्ट्रपति के स्वागत,सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कार्यक्रम संचालन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं आदिवासी महिला हैं और ऐसे में उनका आदिवासी बहुल बस्तर क्षेत्र में आना विशेष महत्व रखता है। यह दौरा आदिवासी समाज के लिए सम्मान, आत्मगौरव और पहचान का प्रतीक माना जा रहा है। स्थानीय लोग इसे केवल राष्ट्रपति का आगमन नहीं,बल्कि अपनी बेटी या बहन के बीच आने के रूप में देख रहे हैं। राष्ट्रपति की उपस्थिति से बस्तर पंडुम को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे बस्तर की लोकसंस्कृति,कला और परंपराएं देशभर में और अधिक प्रभावी ढंग से सामने आएंगी। साथ ही,यह दौरा आदिवासी महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगा,यह संदेश देते हुए कि संघर्ष,शिक्षा और आत्मविश्वास से कोई भी सर्वोच्च मुकाम तक पहुंच सकता है। बस्तर जैसे संवेदनशील और लंबे समय तक उपेक्षित रहे क्षेत्र में राष्ट्रपति का आगमन यह भी दर्शाता है कि लोकतंत्र और संविधान बस्तर के साथ खड़े हैं। यह दौरा विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक सम्मान और संवाद की दिशा में एक मजबूत संकेत माना जा रहा है।
ये रहेगा रूट मैप
राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही आम लोगों के लिए ट्रैफिक और पार्किंग का मैप जारी किया गया है। लालबाग स्थित आयोजन स्थल के आसपास विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट किसी भी तरह से प्रभावित न हो। प्रशासन की तरफ से जारी मैप के अनुसार पार्किंग को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। राष्ट्रपति के काफिले के लिए लालबाग ग्राउंड को पी-1 (वीवीआईपी) पार्किंग के रूप में आरक्षित किया गया है। मुख्य मंच पर आने वाले राजदूतों और विशिष्ट अतिथियों की वाहनों के लिए लालबाग पीटीएस ग्राउंड में वीआईपी-1 पार्किंग तय की गई है। मीडिया कर्मियों और कार पास वालों के लिए क्यूरो इंडिया स्कूल के पीछे का मैदान और सनसिटी कॉलोनी में वीआईपी-2 पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन को-ऑर्डिनेशन सेंटर और अमर वाटिका में खड़े किए जाएंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाली आम जनता के लिए शहर के विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों की अलग-अलग पार्किंग जोन तय किए गए हैं।
इन मार्गों से आने वाले लोग रखे इसका ध्यान
रायपुर,भानपुरी,बस्तर,बकावंड और नगरनार मार्ग के साथ-साथ लोहंडीगुड़ा,गीदम और सुकमा की ओर से आने वाले वाहनों को कुम्हड़ाकोट गणपति रिसोर्ट के सामने मैदान और रिलायंस पेट्रोल पंप के पास (पी-7 से पी-9) पार्क किया जाएगा। भीड़ अधिक होने की स्थिति में कृषि उपज मंडी और हाता ग्राउंड को रिजर्व पार्किंग के रूप में तैयार रखा गया है। यातायात विभाग ने आम नागरिकों के लिए अहम सूचना जारी की है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लालबाग, सनसिटी मार्ग से आमागुड़ा चौक पार्किंग की ओर आवागमन की अनुमति वीवीआईपी आगमन से केवल दो घंटे पहले तक ही रहेगी। इसके बाद मुख्य मार्ग बंद कर दिया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur