बीजापुर,17 जून 2025 । नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक बार फिर दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार शाम को जिले के पेद्दाकोरमा गांव में नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया। भारी संख्या में पहुंचे नक्सलियों ने सरेंडर नक्सली दिनेश मोडियम के परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी। इसके अलावा सात ग्रामीणों को बुरी तरह पीटा और कुछ अन्य ग्रामीणों को अगवा कर अपने साथ जंगल की ओर ले गए। घटना मंगलवार को शाम 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। नक्सलियों ने गांव पहुंचते ही दिनेश मोडियम के रिश्तेदार झिंगु मोडियम, सोमा मोडियम और अनिल माड़वी को निशाना बनाते हुए उनकी हत्या कर दी। इसके बाद अन्य ग्रामीणों को बुलाकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया। फिलहाल इस पूरी घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी सामने आई है। इस हमले के पीछे नक्सलियों का उद्देश्य पूर्व नक्सली दिनेश मोडियम को सबक सिखाना माना जा रहा है, जिसने कुछ समय पहले सरेंडर कर दिया था। बीजापुर के ASP चंद्रकांत गवर्णा ने घटना की पुष्टि नहीं करते हुए कहा कि, “हमें अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हम मामले की जांच कर रहे हैं और सूचनाएं जुटा रहे हैं।” इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में डर व्याप्त है। पुलिस द्वारा घटना की पुष्टि होते ही ऑपरेशन की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पीड़ित ग्रामीणों की सुरक्षा और लापता लोगों की तलाश पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur