नईदिल्ली,05 मई 2025 (ए)। पहलगाम आतंकी हमले के बाद आतंकियों को पनाह देने वाले पाकिस्तान के खिलाफ भारत कार्रवाई की तैयारी में जुटा है। इस बीच, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह प्रधानमंत्री आवास पर पीएम मोदी से मुलाकात किए। इससे पहले एयरचीफ मार्शल एपी सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और अपनी तैयारी के बारे में विस्तार से बताया। वायुसेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री मोदी को युद्ध की तैयारियों पर जानकारी दी। इस मुलाकात में एपी सिंह ने पीएम को बताया कि एयर फोर्स अलर्ट है। पश्चिमी सीमा पर हमारा डिफेंस नेटवर्क भी पूरी तरह एक्टिव है और राफेल जैसे फाइटर जेट भी तैयार हैं।
इस बीच, सिक्योरिटी फोर्सेस ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकी ठिकाना खोजा है। यहां 5 आईईडी वायरलेस सेट और कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं। पुंछ के सुरनकोट में मारहोट गांव में यह ठिकाना मिला। सुरक्षा बलों का कहना है कि यह आतंकियों के छिपने की जगह है। इस बरामदगी के बाद श्रीनगर सेंट्रल जेल और जम्मू की कोट बलवाल जेल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इनमें कई आतंकी बंद हैं, जो हमलों में मदद करते हैं। इंटेलिजेंस अलर्ट के बाद यह कदम उठाया गया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार एयरफोर्स चीफ एपी सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि वायुसेना की तैयारी पूरी है। वायुसेना पश्चिमी सीमा पर लंबी दूरी की उड़ानें भर रही है। भारत ने पाकिस्तान पर सीमित कार्रवाई के सभी सैन्य विकल्प खुले रखे हैं। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस नेता एचडी देवगौड़ा ने कहा कि कश्मीर में पर्यटकों की हत्या करने वाले आतंकियों पर प्रधानमंत्री ने सख्त फैसला लिया है। उन्होंने सेना को पूरी छूट दी है। हम आतंकवाद खत्म करने के हर कदम में पीएम के साथ हैं।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद असम में पाकिस्तान का समर्थन करने के आरोप में अब तक 42 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि देशविरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो पाकिस्तान जिंदाबाद कहेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur