कहा,अपराधियों के हौसले बुलंद
कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का दावा झूठा
लखनऊ,19 जनवरी 2025 (ए)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। हत्या, लूट और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं रोजाना बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है और मुख्यमंत्री का इस पर कोई ध्यान नहीं है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराधियों को खुली छूट दे रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम अपराधियों पर अंकुश लगाना होना चाहिए, लेकिन भाजपा के दबाव में पुलिस विपक्षी नेताओं और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसा रही है। उन्होंने एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अपराध के मामलों में देश में सबसे आगे है। महिलाओं के खिलाफ अपराध और पुलिस हिरासत में मौतों के मामले में भी राज्य नंबर एक पर पहुंच गया है। थानों को भ्रष्टाचार का अड्डा करार देते हुए उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के जंगलराज से त्रस्त हो चुकी है।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को हराकर राज्य को उनके शासन के आतंक और अन्याय से मुक्त करने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस निष्पक्ष होकर काम नहीं करेगी, तब तक अपराध पर लगाम लगाना संभव नहीं होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur