@ एनआईए ने किए कई चौंकाने वाले खुलासे
मुंबई,15 अक्टूबर 2024 (ए)। मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी की पूछताछ में लॉरेंस ने अपने पांच प्रमुख टारगेट्स का खुलासा किया, जिसमें सबसे पहला नाम बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का है। लॉरेंस ने बताया कि वह सलमान खान को काले हिरण शिकार मामले में निशाना बनाना चाहता था और इसके लिए कई बार उनके घर की रेकी करवाई थी। एक बार तो उनके घर पर फायरिंग भी की गई थी।
लॉरेंस बिश्नोई की हिट लिस्ट में ये नाम हैं शामिल
सलमान खानः लॉरेंस बिश्नोई ने खुलासा किया कि उसकी नाराजगी सलमान खान से काले हिरण शिकार मामले को लेकर है। उसने दो बार उनके घर की रेकी करवाई और एक बार फायरिंग करवाई थी।
सगुनप्रीत सिंहः सिद्धू मूसावाला के मैनेजर सगुनप्रीत सिंह भी लॉरेंस के निशाने पर हैं। लॉरेंस का आरोप है कि सगुनप्रीत ने उसके करीबी विक्की मिद्दुखेड़ा के हत्यारों को शरण दी थी।
कौशल चौधरीः गुरुग्राम जेल में बंद गैंगस्टर कौशल चौधरी भी लॉरेंस की हिट लिस्ट में है। लॉरेंस का दावा है कि कौशल ने मिद्दुखेड़ा के हत्यारों की मदद की थी।
अमित डागरः बंबीहा गैंग के हेड अमित डागर, जिसने विक्की मिद्दुखेड़ा की हत्या की साजिश रची थी, भी लॉरेंस के निशाने पर है।
मनदीप धालीवालः गैंगस्टर मनदीप धालीवाल, जो लक्की पटियाल का करीबी है, भी लॉरेंस की हिट लिस्ट में शामिल है। लॉरेंस का कहना है कि मनदीप ने मिद्दुखेड़ा के हत्यारों को मदद दी थी।
लॉरेंस गैंग की तुलना
‘डी कंपनी’ से
एनआईए ने लॉरेंस बिश्नोई के गैंग की तुलना अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की ‘डी कंपनी’ से की है। एजेंसी का कहना है कि लॉरेंस का टेरर सिंडिकेट न सिर्फ भारत बल्कि विदेशों में भी सक्रिय है। हालांकि, इस समय लॉरेंस गुजरात की साबरमती जेल में बंद है, लेकिन उसके गैंग का नेटवर्क इतना मजबूत हो गया है कि वे जेल से ही अपराधों को अंजाम दे रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur