दोनों की मौत
कानपुर,21 सितम्बर 2024 (ए)। कानपुर के परमट इलाके में आनंदेश्वर मंदिर के बाहर सो रहे बुजुर्ग साधु दंपती को कार ने कुचल दिया। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार चालक मौके से फरार हो गया। मंदिर आए लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और घटनास्थल के आसपास मौजूद सीसीटीवी कैमरों की जांच कर घटना के बारे में और अधिक साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच के बाद ही कुछ भी विस्तार से बताया जा सकेगा। आस पास के लोगों की मानें तो दंपती मंदिर के आसपास के इलाके में भिक्षा मांग कर अपना भरण-पोषण करते थे। दिन भर भिक्षा मांगने के बाद रात में मंदिर के पास आकर सो जाते थे। इस हिट एंड रन की घटना के समय भी दंपती सड़क पर आराम कर रहे थे। इस मामले में कानपुर के पुलिस उपायुक्त ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि थाना ग्वाल टोली के अंतर्गत परमट चौकी क्षेत्र में एक अज्ञात दंपती का शव मिला है। इस मामले में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया है कि दंपती पर एक अज्ञात वाहन के चढ़ जाने की वजह से उनकी मृत्यु हो गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur