@मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल
सुकमा,15 सितम्बर 2024 (ए)।छत्तीसगढ़ के सुकमा में जादू-टोने के शक में पांच लोगों की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। यह घटना कोंटा थाना क्षेत्रान्तर्गत एतकल गांव की है। मरनेवाले सभी लोग एतकल गांव के ही रहनेवाले हैं। इस मामले के सभी आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। जानकारी के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ कोंटा थाने में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पांच लोगों को हिरासत में लिया
पुलिस ने बताया कि हत्या के सिलसिले में एक ही गांव के पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने यहां बताया कि यह घटना कोंटा थाना क्षेत्र के एकतल गांव में हुई और पीडि़तों की पहचान मौसम कन्ना (34), उसकी पत्नी मौसम बिरी, मौसम बुच्चा (34), उसकी पत्नी मौसम आरजू (32) और एक अन्य महिला करका लच्छी (43) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों में सवलम राजेश (21), सवलम हिड़मा, करम सत्यम (35), कुंजम मुकेश (28) और पोडियाम एंका शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घटना की जांच जारी है।
11 माह के बच्चे समेत चार लोगों की हत्या
बता दें कि इससे पहले बृहस्पतिवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जादू-टोना के शक में 11 माह के शिशु समेत एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई थी। घटना कसडोल थाना क्षेत्र के छरछेड़ गांव में शाम करीब छह बजे हुई तथा मारे गए लोगों की पहचान चैतराम कैवर्त्य (47), उनकी बहनें – जमुना (28) और यशोदा (30) तथा जमुना के 11 माह के बेटे यश के रूप में हुई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur