सूरजपुर,21 अपै्रल 2024 (घटती-घटना)। जिले में स्थित कुदरगढ़ केवल आस्था का ही केंद्र नही है बल्कि यह पहाड़ रहस्यों के खजाने के साथ पुरातात्विक इतिहास को भी समेटे हुए है। जहाँ सुरक्षा के साथ साथ यह जानने की भी जरूरत है कि इस पहाड़ के क्या ऐतिहासिक महत्व है।इसके लिए क्षेत्र के जागरूक लोगो ने पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग का ध्यानाकर्षित किया है। ये बात यूं ही हवा हवाई नही है बल्कि हाल फिलहाल में इस पहाड़ पर एक बेहद बेशकीमती व पुरातात्विक महत्व की जो मूर्ति मिली है उससे तो यही साबित हो रहा है। जिसे सहेजने ओर जांचने की जरूरत है।बताया जा रहा है कि कुदरगढ़ पहाड़ पर स्थित मां बागेश्वरी के पुराने धाम के समीप स्थित नाले में एक लक्ष्मी नारायण की आदमकद मूर्ति मिली है।इस मूर्ति के सम्बंध में जानकर जो बता रहे है उसके अनुसार उक्त मूर्ति कल्चुरी शासन काल के आखिरी दौर व करीब 13 वीं से 14 वीं शतादी के बीच की हो सकती है। इस मूर्ति लक्ष्मी नारायण की है जिसमे हाथी को अभिषेक करते दर्शाया गया है साथ गरूड़ जी जो लक्ष्मी जी की सवारी माना गया है वे मानव रूप में दर्शित है।गरुड़ जी लक्ष्मी नारायण को अपने हाथों में लिए हुए है।जानकारों के अनुसार मूर्ति बेहद बेशकीमती के साथ अत्यंत ऐतिहासिक महत्व की हो सकती है।बहरहाल,इस मूर्ति के मिलने की भी अपनी अलग कहानी है।
मूर्ति मिलने की यह है कहानी
कहानी पर यकीन किया जाए तो ओड़गी लॉक के ग्राम गिरजापुर के विनोद पंडो को फरवरी में स्वप्न आया कि कुदरगढ़ पहाड़ पर स्थित बालन्द किला के समीप नाले में एक मूर्ति गड़ी हुई है।स्वप्न्न की हकीकत जानने विनोद पंडो अपने अन्य साथियों के साथ कुदरगढ़ पहाड़ के उस जगह पर जा पहुँचा जहां के बारे में स्वप्न में बताया गया था।
खुदाई की तो जो मूर्ति मिली वह हैरान करने वाली है।उक्त मूर्ति को कुदरगढ़ के पुराने धाम में रख कर विधिवत पूजा अर्चना की जा रही है।
भाजपा नेता ने किया ध्यानाकर्षित…
ओड़गी के मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी के जब संज्ञान में यह बात आई तो उन्होंने इसकी जानकारी प्रशासन के लोगो को दी और उसके जांच पड़ताल की जरूरत बताई है पर अब इस ओर ध्यान नही दिया गया है।श्री तिवारी ने मूर्ति को ऐतिहासिक महत्व की बताते हुए इसे सुरक्षित रखने और इसकी मुकम्मल जांच करा कर ओर रहस्यों को जानने के लिए पुरातत्व विभाग से आग्रह किया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur