ओडग़ी,20 मार्च 2024 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के ओडग़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत लांजित गांव में शुक्रवार की सुबह छुई खदान धंसकने से उसमें दबकर एक युवक की जहां मौत हो गई,जबकि एक महिला घायल हो गई। मृतक भाजपा कार्यकर्ता बताया जा रहा है। घायल महिला को सूरजपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास मंत्री व भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े मृतक के परिजनों से मिलने उनके निवास स्थल पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया।
ओडग़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लांजित निवासी 27 वर्षीय युवक राजमन कुर्रे पिता घुरई 27 वर्ष भाजपा कार्यकर्ता था। वह लांजित बूथ का सदस्य था। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे वह गांव में ही स्थित छुई खदान में मिट्टी निकालने गया था। इस दौरान 3-4 महिला पुरुष भी मिट्टी निकाल रहे थे।
इसी दौरान अचानक छुई खदान धंसक गई और उसमें राजमन व एक महिला दब गए। मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने हो-हल्ला मचाया तो गांव के लोग वहां पहुंचे।
फिर ग्रामीणों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला और ओडग़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने राजमन को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों से मिलने पहुंचीं महिला बाल विकास मंत्री
घटना की सूचना मिलते ही दोपहर करीब 3 बजे महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ओडग़ी अस्पताल पहुंचीं। इसके बाद वे मृतक के गांव उसके परिजनों से मिलने पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मिलकर उनका ढांढ़स बंधाया। मृतक के 2 पुत्र व एक पुत्री हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur