भाजपा टीम को जाने से रोका,
लॉकेट हिरासत में 8 दिन में दूसरी बार बीजेपी डेलिगेशन रोका
कोलकाता/नई दिल्ली,23 फरवरी 2024(ए)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना स्थित संदेशखाली में महिलाओं के यौन शोषण का मामला गरमाया हुआ है। शुक्रवार (23 फरवरी) को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम संदेशखाली पहुंची। ये टीम पीडि़त महिलाओं से मुलाकात करेगी। इससे पहले भाजपा की महिला टीम को संदेशखाली जाने से पुलिस ने रोक दिया था।
भाजपा टीम की अगुआई भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी कर रही थीं। डेलिगेशन और पुलिस के बीच बहस भी हुई। इसके बाद लॉकेट को हिरासत में ले लिया गया। इससे पहले 16 फरवरी को भी केंद्रीय मंत्री और महिला सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को संदेशखाली नहीं जाने दिया गया था।
वहीं, संदेशखाली के बर्माजुर गांव में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके लिए सुप्रतिम सरकार (एडीजी, साउथ बंगाल) और भास्कर मुखर्जी (डीआईजी बारासात रेंज) को भेजा गया है।
बंगाल में 6 ठिकानों पर छापेमारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने तृणमूल कांग्रेस के फरार नेता शाहजहां शेख पर मनी लॉन्डि्रंग का केस दर्ज किया है। ईडी ने राशन घोटाले में बंगाल में 6 ठिकानों पर छापेमारी भी की है।
एक शख्स अरूप सोम के यहां भी ईडी की टीम पहुंची। अरूप पहले सरकारी नौकरी में था, अब मछली का धंधा करता है। इससे पहले 22 फरवरी (गुरुवार) को ईडी ने शाहजहां को नया समन जारी किया था। इसमें कहा था कि वह 29 फरवरी को जांच के लिए मौजूद रहे।वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली जा सकते हैं। वे यहां यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से बात कर सकते हैं। बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गुरुवार (22 फरवरी) को इसकी जानकारी दी।
टीएमसी नेता 50 लोगों के साथ घूम रहे, हमारे ऊपर प्रतिबंध- सुकांत मजूमदार
बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार ने 22 फरवरी को राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने प्रदर्शन किया था, उनकी गिरफ्तारी हुई, बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। बालूरघाट से सांसद सुकांत ने बताया- मैंने राज्यपाल को पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। जिस तरह से एक सांसद के साथ बर्ताव किया गया, गवर्नर ने इस पर चिंता जताई। धारा-144 सिर्फ भाजपा के लिए लागू है, टीएमसी के विधायक 50 लोगों को लेकर घूम रहे हैं। इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। शाहजहां शेख और भाई लोगों को टॉर्चर करते हैं। सीएम ममता बनर्जी और पार्टी इस बारे में कोई बात नहीं कर रही। संदेशखाली की महिलाएं ही अपनी बात उठा रही हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur