मां-बेटी को लेकर हुए कई और चौंकाने वाले खुलासे
माता व बेटी संचालित करती थी हनीट्रैप गिरोह, मेरठ में दर्ज कराए थे सात फर्जी केस।
मेरठ की कोर्ट ने एक केस में की थी टिप्पणी, कविता के खिलाफ की जाए कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा 13 जनवरी 2024 (ए)। हनीट्रैप में फंसाकर लोगों से लूटपाट करने वाले गिरोह की सरगना कविता के संबंध में चौंकाने वाला पर्दाफाश हुआ है। कविता ने पांच साल तक मेरठ में हनीट्रैप गिरोह चलाया था। उसने सात से अधिक दुष्कर्म व छेड़छाड़ के फर्जी केस मेरठ में दर्ज कराए थे, जिनके बाद में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट प्रेषित की। फर्जी केस दर्ज कराने के बाद कविता व्यक्ति से मोटी रकम लेकर सेटलमेंट कर लेती थी और कोर्ट में बयान बदल लेती थी।
सूरजपुर पुलिस की जांच में मेरठ की कोर्ट की फाइल मिली है, जिसमें जज ने कविता के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा था। कहा गया था कि कविता झूठे केस दर्ज कर कोर्ट को गुमराह करती है। यह सारे तथ्य सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने एकत्र कर लिए है।
आरोपितों के खिलाफ दर्ज केस में पुलिस ने इसको शामिल कर लिया है। मेरठ में भी कविता ने एक युवक को मित्र बनाकर हनीट्रैप गिरोह संचालित किया था।
दरअसल, चार दिन पूर्व सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया था। आरोपित दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी भी देते थे। गिरोह में शामिल महिला समेत पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसमें एक नाबालिग किशोरी भी शामिल है।
गिरोह में महिला की बेटी व भतीजी भी शामिल है। बेटी व भतीजी की ही भूमिका लोगों को फंसाने की थी। दोनों अंजान नंबर पर मिस काल करती थी और बात करने के बहाने उनको हनीट्रैप में फंसा लेती थी। अश्लील वीडियो बनाने के बाद जबरन पीडि़तों से लूटपाट की जाती थी।
कुछ दिन पहले आरोपितों ने एक व्यक्ति को हनीट्रैप में फंसाकर उसके खाते से जबरन एक लाख 67 हजार रुपये निकलवाए थे। पकड़े गए आरोपितों की पहचान फारुख, विष्णु उर्फ डमरू श्रीवास्तव, कविता, पूजा व एक नाबालिग के रूप में हुई थी। सभी वर्तमान में सूरजपुर में रह रहे थे। आरोपित छह महीने पहले ही मेरठ से नोएडा शिफ्ट हुए थे और गिरोह संचालित कर रहे थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur