छत्तीसगढ़ में यातायात के नए कानून का विरोध
रायपुर 01 जनवरी 2024। देशभर में आज मोटर व्हीकल एक्ट संशोधन के विरोध में बस और ट्रक ड्राइवर प्रदर्शन कर रहे हैं और हाईवे भी जाम कर दिया है। वहीं छत्तीसगढ़ में ड्राइवर सड़कों पर उतरे। जहां राजधनी रायपुर समेत अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन कर रहे हैं। रायपुर में ड्राइवरों ने रिंग रोड नंबर 4 को जाम कर दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस प्रदर्शनकारियों को हटाने और समझाइश का प्रयास करती दिखी, इस दौरान ड्राइवरों और पुलिस के बीच काफी कहासुनी भी हुई।
राजधानी रायपुर के रावण भाठा स्थित बस स्टैंड में भी बसों से यात्रियों को उतारा जा रहा था, जिसे लेकर पुलिस और बस ड्राइवर और कर्मचारियों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। इस दौरान पुलिस ने एक बस कर्मचारी को हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी शांति पूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे है. चालकों का कहना है कि, हिट एंड रन केस में चालक पर 10 साल कारावास और 7 लाख जुर्माना ज्यादती है। इसे वापस लिया जाए।
बिलासपुर में ट्रक
एसोसिएशन का प्रदर्शन
न्यायधानी बिलासपुर में नए मोटर अधिनियम के विरोध में ट्रक एसोसिएशन सड़क पर उतर आया। रायपुर राजमार्ग के भोजपुरी टोल प्लाजा पर सैकड़ों चालकों ने ट्रकों और भारी वाहनों को खड़ा कर टायर जलाकर प्रदर्शन किया. चालकों ने हादसे के दौरान घायल को छोड़ कर भागने में दस वर्ष की सजा को रद्द किए जाने की मांग उठाई।
बालोद में पेट्रोल पंपों पर लगी वाहनों की लंबी लाइन
बालोद जिले में परिवहन कानून में संशोधन के विरोध में बस चालक आज काम पर नहीं गए, वहीं लोगो का ऐसा मानना है कि अब कुछ दिनों तक इस हड़ताल के चलते पेट्रोल पंपों में पेट्रोल डीजल नही आएगा। ऐसे में लोग आज अपनें वाहनों में कुछ दिनों के लिए पेट्रोल डीजल अधिक मात्रा में भरवाकर रखना चाह रहे है, ताकि उन्हें पेट्रोल डीजल नही मिलने के बाद भी परेशानियां न हो। दूसरी ओर इस हड़ताल से जिला मुख्यालय में यात्री बसों के पहिये थमें रहे, जिससे जिले में आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur