जयपुर,05 दिसम्बर 2023 (ए)। जयपुर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोलिय़ां मारकर हत्या कर दी गई है। हमलावरों की फायरिंग में सुखदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया था जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, श्याम नगर जनपथ पर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का घर है। मंगलवार दोपहर करीब 1ः30 बजे उनके घर दो बदमाश पहुंचे। गोगामेड़ी के सामने आते ही बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी।फायरिंग के बाद बदमाश भागते हुए एक गली से निकले और एक कार को रोककर लूटने का प्रयास किया। उन्होंने ड्राइवर को पिस्तौल दिखाई तो ड्राइवर कार को भगा ले गया। इस दौरान पीछे से आ रहे स्कूटी सवार अमित को बदमाशों ने निशाना बनाया। स्कूटी सवार को गोली मारकर घायल कर दिया और स्कूटी लेकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश दिखे हैं। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के निधन पर भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा,श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह गोगामेड़ी जी की हत्या के समाचार से स्तब्ध हूं। इस संदर्भ में पुलिस कमिश्नर से जानकारी ली है और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ़्तारी के लिए कहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur