Breaking News

नई दिल्ली@मध्य प्रदेश में 80 प्रतिशत मतदान के साथ टूटा रिकॉर्ड

Share


मध्य प्रदेश में महिलाओं में देखा गया भारी उत्साह


नई दिल्ली,17 नवम्बर 2023 (ए)।
मध्य प्रदेश की 230 सीटों पर शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गए। मध्य प्रदेश में पिछले तीन विधानसभा चुनाव में हुए मतदान का रिकार्ड टूट गया। मतदाताओं ने 80 प्रतिशत मतदान कर कीर्तिमान बनाया है।


सुबह सात बजे से मतदान केंद्रों पर लगने लगी थी भीड़


सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर भीड़ लगनी प्रारंभ हो गई थी, जो समय के साथ बढ़ती गई। मतदान का समय (शाम छह बजे) खत्म होने के बाद भी कई केंद्रों पर लंबी लाइन लगी हुई थी। महिलाओं में सुबह से ही मतदान को लेकर अच्छा उत्साह देखा गया। कुछ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच छिटपुट हिंसक झड़प भी हुई।


सोनेवानी में हुआ 100 प्रतिशत मतदान


मालूम हो कि परिसीमन के बाद हुए विधानसभा चुनावों यानी वर्ष 2008 में 69.52 प्रतिशत, वर्ष 2013 में 72.69 प्रतिशत और वर्ष 2018 में 75.63 प्रतिशत मतदान हुआ था। बालाघाट जिले के सोनेवानी मतदान केंद्र में सबसे कम 42 मतदाता हैं। यहां 100 प्रतिशत मतदान हुआ। तीन दिसंबर को मतगणना होगी।


छतरपुर में गाड़ी से कुचलकर कांग्रेस पार्षद की हत्या


मध्य प्रदेश में सुबह साढ़े पांच बजे 64,626 मतदान केंद्रों पर मॉकपोल हुआ, इसके बाद सात बजे से मतदान की शुरुआत हुई। छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ही गाड़ी से कुचलकर कांग्रेस पार्षद सलमान खान की हत्या का मामला सामने आया। कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा ने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया को सलमान की मौत का जिम्मेदार बताया। अरविंद पटेरिया सहित 20 लोगों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।


मुरैना के दिमनी में पोलिंग बूथ पर दो गुटों में विवाद


मुरैना में केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर के विधानसभा क्षेत्र दिमनी के मिरघान पोलिंग बूथ पर दो गुटों में विवाद में दो लोग घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, फायरिंग भी हुई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने गोली चलने की घटना से इन्कार किया।


भाजपा प्रत्याशी के बेटे को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाठी से की पिटाई


भिंड के मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी डा. गोविंद सिंह के भांजे राहुल भदौरिया के गांव मानहढ़ में भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला को कुछ लोगों ने घेर लिया। पथराव में राकेश शुक्ला को हल्की चोट भी आई। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए उनके गार्ड को गोली चलानी पड़ी। इधर, विधानसभा क्षेत्र इंदौर-4 से भाजपा प्रत्याशी मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य गौड़ ने लाठी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। एकलव्य के विरुद्ध भी केस दर्ज किया गया है।


नक्सल प्रभावित जिलों में तीन बजे तक हुआ मतदान


प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट, मंडला और डिंडौरी के छह विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान कराया गया। बालाघाट जिले के बैहर विधानसभा क्षेत्र में 80.38 प्रतिशत मतदान रहा, जो पिछले चुनाव में 80.72 था। इसी तरह लांजी में 75.07 प्रतिशत मतदाताओं वोट डाला, जबकि 2018 में यह 81.78 प्रतिशत था। परसवाड़ा में 81.56 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां पिछली बार 82.82 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। मंडला जिले के बिछिया में 73.11, मंडला में 71.76 और डिंडौरी जिले में 78.31 प्रतिशत मतदान रहा। यहां वर्ष 2018 में क्रमश: 78.56, 78.90 और 80.17 प्रतिशत मतदान हुआ था।


जवान बलिदान


बिंद्रानवागढ़ विधानसभा के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आइईडी ब्लास्ट में जम्मू-कश्मीर निवासी आइटीबीपी जवान जोगिंदर सिंह बलिदान हो गए।


इन दिग्गजों का भाग्य ईवीएम में बंद


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक राकेश सिंह, सांसद गणेश सिंह, उदय प्रताप सिंह, रीति पाठक और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय। कांग्रेस नेता डा. गोविंद सिंह, अजय सिंह और जयवर्धन सिंह का भाग्य भी ईवीएम में कैद हुआ।


Share

Check Also

कोलकाता@संसद में विधेयक पर भाजपा की हार मोदी सरकार के पतन की शुरुआत : ममता

Share कोलकाता,18 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने …

Leave a Reply