तीन पुलिस कर्मियों पर गिरी गाज
रांची,16 नवम्बर 2023 (ए)। रांची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई बड़ी चूक के मामले में तीन पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है। एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं। दरअसल प्रधानमंत्री का काफिला जब रेडियम रोड से गुजर रहा था उस वक¸्त एक महिला सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए प्रधानमंत्री के गाड़ी के ठीक सामने आ गई थी, जिस कारण काफिला रुक गया था। इसी को लेकर इन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
प्रधानमंत्री का काफिला जब रेडियम रोड से गुजर रहा था उसी वक¸्त संगीता झा नामक महिला काफिले के सामने आ गई। संगीता झा नामक यह महिला सुरक्षा घेरा को तोड़ते हुए ठीक प्रधानमंत्री के गाड़ी के सामने आ गई। गनीमत रही कि महिला को चोट नहीं आई। प्रधानमंत्री के काफिले के सामने महिला का इस तरह से आना सुरक्षा की बड़ी चूक है और यही वजह रही कि तमाम वरीय अधिकारी इसे लेकर रेस हो गए और इस मामले की जांच शुरू हुई।
पीएम से मिलने के प्रयास में थी महिला
पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री के काफिले के सामने आने को लेकर पकड़ी गई महिला की पहचान संगीता झा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह कथित तौर पर अपने पति से परेशान थी और उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराना चाहती थी।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन कुमार सिन्हा ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसकी शादी 2012 में झारखंड के देवघर जिले के जमुनी गांव में एक व्यक्ति से हुई थी। लेकिन, 2016 में उनके बीच विवाद शुरू हो गया और आए दिन उसका पति उससे मारपीट करने लगा।’’
पहले भी कर चुकी है प्रयास
एसएसपी ने कहा, ‘‘महिला चाहती है कि उसके पति का वेतन उसके बैंक खाते में जमा कराया जाए। इस संबंध में वह गत अक्टूबर में प्रधानमंत्री से मिलने दिल्ली भी गई थी और वहां 10 दिनों तक रही। प्रधानमंत्री से नहीं मिल पाने के बाद उसने राष्ट्रपति से मिलने की कोशिश की। जब सभी प्रयास असफल रहे तो वह देवघर में अपने ससुराल लौट आईं।’’
संगीता ने पुलिस को बताया कि प्रधानमंत्री के यहां आगमन की जानकारी मिलने के बाद वह रांची आ गई। पुलिस के अनुसार, महिला ने मंगलवार रात रोड शो के दौरान उनसे मिलने की कोशिश की लेकिन असफल रही और राजभवन जाने का भी प्रयास किया।
सिन्हा ने कहा, ‘‘वह राजभवन से निराश होकर लौट रही थीं, लेकिन रेडियम रोड पर अचानक उसने प्रधानमंत्री के काफिले का सायरन सुना और उनसे मिलने के लिए वह काफिले के सामने आ गई।’’
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur