भारी पुलिस बल तैनात
बलिया (बेगूसराय),25 अक्टूबर २०२३(ए)। बिहार के बेगूसराय में बुधवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस पर छत से ईंट फेंके जाने की वजह से बवाल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में फैले तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बलिया नगर क्षेत्र के छोटी बलिया मिसिकार टोला के पास की है। आरोप है कि बुधवार को यहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक समुदाय की महिला ने प्रतिमा के आगे छत के ऊपर से चार पांच ईंट गिरा दी थी।
इसके बाद ही माहौल तनावपूर्ण बन गया। विसर्जन में शामिल युवााओं ने ईंट गिराने का विरोध किया। लोगों ने सड़क पर आग लगाकर भी विरोध-प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ रोहित कुमार, डीएसपी विनय कुमार राय, थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह पहुंचे।
उनके साथ नगर कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार, सीओ चंदन कुमार, बीडीओ सन्नी कुमार भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था के बीच माहौल संभालने का प्रयास किया। हालांकि, विरोध कर रहे लोग समझाने पर नहीं माने और हंगामा बढ़ गया।
पुलिस ने जमकर फटकारीं लाठियां
हंगामा बढ़ने की सूचना पाकर बेगूसराय डीएम रौशन कुशवाहा, एसपी योगेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने लोगों से पीछे हटने की अपील भी की। इसके बाद लोगों के नहीं हटने पर जमकर लाठीचार्ज करना पड़ा।
लाठीचार्ज से पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। इससे भगदड़ मच गई। उसके बाद शरारती तत्वों ने बलिया बाजार में फुटकर सब्जी दुकानदारों के सब्जी को इधर-उधर फेंक दिया। सड़क पर आग लगाकर विरोध-प्रदर्शन करने लगे।
शरारती तत्वों को पुलिस ने खदेड़ा,इस वजह से मचा बवाल
सभी सब्जी दुकानदार खराब माहौल होते देख मौके से हट गए। पुलिस ने वहां भी पहुंचकर शरारती तत्वों को खदेड़ दिया। घटना के संबंध में बताया गया कि बड़ी दुर्गा माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रही थी, इसी दौरान यह घटना घटी।
आरोप है कि प्रतिमा के आगे एक छत से चार-पांच ईंट गिरा दी गई थीं। इससे माहौल तनावपूर्ण हुआ, फिर भी कमेटी के सदस्यों ने बड़ी दुर्गा स्थान की प्रतिमा, शीतला माता दुर्गा स्थान की प्रतिमा को किसी तरह आगे निकाल लिया।
परंतु जब स्टेशन परिसर की दुर्गा प्रतिमा निकलने लगी तो उस पर भी ईंट फेंक दी गई। इसके बाद माहौल और बिगड़ गया। माहौल भयावह देख छोटी बलिया बाजार, स्टेशन चौक, स्टेशन रोड, सत्ती चौड़ा, लखमिनियां सभी बाजार की दुकान बंद हो गईं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur