जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर
झुग्गीवासियों के नाम पर बने थे कई फर्मो के बैंक खाते
मुंबई,22 अक्टूबर 2023 (ए)। वर्तमान में डिजिटल भुगतान प्रणाली का उपयोग भारत में इस कदर बढ़ गया है कि ऊंचे से लेकर निचले तबके के अधिकांश लोग इसी का इस्तेमाल करने लगे हैं। मगर तकनीकी रूप से सुदृढ़ इस प्रणाली पर भी साइबर अपराधी सेंध मारने लगे हैं। ऐसे ही मामले में एक डिजिटल भुगतान कंपनी ने रोजाना किए जाने वाले लाखों लोगों में से एक लेनदेन पर नजर डाली, तो पता लगा कि यह 16,180 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी वाला लेनदेन है। यह जनवरी 2018 के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले से भी बड़ा था, जिसमें शीर्ष हीरा व्यापारी शामिल थे। इस मामले ने ठाणे पुलिस को चक्कर में डाल दिया।
पेआउट प्लेटफॉर्म को किया हैक
इस बड़े घोटाले का आधिकारिक तौर पर खुलासा ठाणे के श्रीनगर पुलिस स्टेशन द्वारा किया गया, जिसने सेफएक्सपे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, ठाणे द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद एफआईआर दर्ज की। पुलिस जांचकर्ताओं ने कहा कि सेफएक्सपे के पेआउट प्लेटफॉर्म को कथित तौर पर कुछ अज्ञात संस्थाओं द्वारा हैक कर लिया गया था, और बाद की जांच से पता चला कि कम से कम 16,180 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई है, जिसमें से कुछ पैसे विदेश भेजे गए हैं।
संदिग्ध लेनदेन की सूचना पर हुआ खुलासा
ठाणे स्थित सेफएक्सपे के संस्थापक-सीईओ रवि गुप्ता ने कहा कि यह घोटाला अप्रैल के आसपास सामने आया जब दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के चार व्यापारियों ने बैंक शेष और सिस्टम शेष के बीच संदिग्ध विसंगतियों की सूचना दी। सेफएक्सपे की वित्तीय संचालन टीमों द्वारा सावधानीपूर्वक आंतरिक जांच में पाया गया कि इन चारों में से एक व्यापारी के लॉगिन से छेड़छाड़ की गई है और आगे यह पाया गया कि संदिग्ध लेनदेन उनका नहीं था।
सेफएक्सपे, जिसके बारे में कहा जाता है कि वह हर दिन 100,000 से अधिक लेनदेन संभालता है, ने तुरंत लाभार्थियों और संबंधित बैंकों को मामले की सूचना दी, साथ ही तथाकथित ‘गोल्डन पीरियड’ में पैसों के अवैध हस्तांतरण को रोकने की प्रक्रिया शुरू की।
गुप्ता ने कहा, इस साइबर अपराध के चलते 25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और खुलासे से हैरान सेफएक्सपे ने तुरंत 20 अप्रैल को ठाणे पुलिस साइबर अपराध जांच सेल और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। कंपनी ने इसके बाद 16 जून, 2023 को विस्तृत साक्ष्य और अन्य सामग्री के साथ श्रीनगर पुलिस स्टेशन में एक विस्तृत एफआईआर दर्ज की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur