शिवमोगा में धारा 144 लागू
बंगलुरू,02 अक्टूबर 2023 (ए)। कर्नाटक के शिवमोगा में सांप्रदायिक तनाव के बाद प्रशासन ने सोमवार को रागी गुड्डा इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। साथ ही पुलिस ने 40 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। दरअसल, शिवमोगा में रविवार रात सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी। घटना रागीगुड्डा के पास शांतिनगर में हुई। इलाके में जमकर पथराव हुआ, जिसमें कई गाडियां टूट गईं और घरों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स की टीम पहुंची। लोगों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
इस बीच इस घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि ईद मिलाद का जुलूस चल रहा था तभी कुछ उपद्रवियों ने पथराव किया। उन्होंने पुलिस पर भी पथराव किया। अब तक 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी और हालात अब काबू में हैं।
वहीं, शिवमोगा के एसपी जीके मिथुन कुमार ने घटना पर कहा कि कथित तौर पर ईद मिलाद के जुलूस पर पथराव की अफवाह के बाद गुस्साई भीड़ ने कुछ घरों और वाहनों पर पथराव किया और कई लोगों को घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि वीडियो और जानकारी के आधार पर घटना के संबंध में कुछ लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur