असमंजस में पड़ी कांग्रेस
पार्टी के वरिष्ठ सदस्य और पटना के मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि वह शीर्ष पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार
नई दिल्ली ,01 अक्टूबर 2023 (ए)। इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के गठबंधन सहयोगियों जनता दल-यूनाइटेड और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से आवाजें उठ रही हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के सभी गुण हैं, लेकिन कांग्रेस ने इस मुद्दे को यह कहकर तूल नहीं दिया कि शीर्ष पद के लिए फैसला 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद ही लिया जाएगा।
नीतीश कुमार को ‘इंडिया’ ब्लॉक के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने की मांग एक बार फिर से तेज हो गई, जब वह दरगाह उर्स के मौके पर प्रार्थना करने के लिए हजरत मखदूम सैयद शाह पीर मुहम्मद मुजीबुल्लाह क¸ादरी रहमतुल्लाह अलेह की दरगाह पर गए।
नीतीश कुमार की पार्टी जद-यू के अलावा, इस बार उन्हें बिहार में अपने गठबंधन सहयोगी राजद से भी समर्थन मिला। पार्टी के वरिष्ठ सदस्य और पटना के मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि वह शीर्ष पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार हैं।
वीरेंद्र ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मैं चाहूंगा कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनें। लालू प्रसाद, तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार के नेतृत्व में देश भर के राजनीतिक दल एक मंच पर एकजुट हुए हैं।उन्होंने कहा कि देश से बीजेपी को उखाड़ फेंकने के नारे लग रहे हैं।’ वीरेंद्र ने कहा, ‘इंडिया गठबंधन में सहमति हो या नहीं, अच्छा होगा अगर नीतीश (कुमार) को प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाया जाए।’
इंडिया ब्लॉक के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर चल रही बहस पर कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर ने कहा, नीतीश कुमार ने खुद कई मौकों पर स्पष्ट किया है कि वह प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं। अनवर ने कहा, यहां तक कि इंडिया ब्लॉक ने भी कहा है कि प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुनाव के बाद तय किया जाएगा।
जब उनसे पूछा गया कि मुख्यमंत्री ने बिहार में एक दरगाह का दौरा किया है और यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह शीर्ष पद के इच्छुक हैं, तो कांग्रेस नेता ने कहा, हर समुदाय में हर लोगों के लिए समर्थन होता है। तो कुछ लोग उनके समर्थन में भी बोले होंगे, लेकिन जहां तक ‘इंडिया’ ब्लॉक का सवाल है तो कई बार यह स्पष्ट किया जा चुका है कि चुनाव परिणाम से पहले इसकी घोषणा नहीं की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur