बोले-मैं अब करना चाहता हूं संगठन में काम
राकांपा नेता अजीत पवार यह कहकर अफवाहों का खंडन कर दिया था कि वह मरते दम तक राकांपा में ही रहेंगे
शरद पवार द्वारा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष पर सुप्रिया सुले एवं प्रफुल पटेल को बैठा दिया गया
मुंबई,21 जून 2023 (ए)। राकांपा के गठन के 24 वर्ष पूरे होने पर मुंबई के षडमुखानंद सभागार में आयोजित समारोह के दौरान राकांपा नेता अजीत पवार ने कहा कि वह अब नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी से हटकर संगठन में काम करना चाहते हैं। हालांकि, उनके इस बयान पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार की अभी कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया कि उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका से मुक्त किया जाए, क्योंकि अब वह संगठन में काम करना चाहते हैं।
बीजेपी में जाने की उड़ी थीं अफवाहें
अजीत पवार पिछले कुछ दिनों से विभिन्न कारणों से चर्चा में रहे हैं। कुछ ही सप्ताह पहले उनके भाजपा में जाने की अफवाहें उड़ी थीं, लेकिन उन्होंने यह कहकर अफवाहों का खंडन कर दिया था कि वह मरते दम तक राकांपा में ही रहेंगे।
इसके कुछ दिनों बाद ही उनके चाचा एवं राकांपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार द्वारा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष पर अपनी पुत्री सुप्रिया सुले एवं प्रफुल पटेल को बैठा दिया गया। तब भी अजीत पवार की उपेक्षा किए जाने की चर्चा शुरू हुई, लेकिन अजीत पवार ने तब भी यह कहते हुए इस बात का खंडन किया कि वह राष्ट्रीय राजनीति में जाना ही नहीं चाहते थे।
कौन हैं एनसीपी का प्रदेशाध्यक्ष?
बुधवार को पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने राज्य में राकांपा का मुख्यमंत्री होने की प्रतिबद्धता जताई।
माना जा रहा है कि इसी प्रतिबद्धता को मूर्त रूप देने के लिए अजीत पवार अब संगठन में बड़ी जिम्मेदारी चाहते हैं। फिलहाल राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल हैं। माना जा रहा है कि अजीत पवार अब स्वयं यह जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं। लेकिन, अंतिम निर्णय तो उनके चाचा एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार के हाथ में है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur