वाटर एंड पॉवर कंसल्टेंसी के पूर्व सीएमडी बेटे समेत अरेस्ट
नईदिल्ली,03 मई २०२३ (ए)।सीबीआई ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बुधवार को वाटर एंड पावर कंसल्टेंसी के पूर्व सीएमडी राजेंद्र कुमार गुप्ता और उनके बेटे गौरव सिंगल को गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी ने मंगलवार को ही उनके दिल्ली समेत 19 ठिकानों पर रेड डाली थी।
पहले दिन उनके घर से 20 करोड़ रुपए कैश बरामद किए गए। बुधवार को हुई कार्रवाई में यह आंकड़ा 38 करोड़ रुपए पहुंच गया। जांच एजेंसी ने राजेंद्र कुमार गुप्ता और गौरव सिंगल के दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम, सोनीपत और गाजियाबाद सहित 19 ठिकानों पर छापेमारी की।
इनमें कैश, अन्य कीमती सामान और संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। वाटर एंड पावर कंसल्टेंसी में गुप्ता का कार्यकाल 1 अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2019 तक रहा। जांच एजेंसी ने इस दौरान जमा की गई संपत्ति के मामले में केस दर्ज किया था।
सीबीआई को नकदी और कीमती ज्वेलरी के साथ ही आरोपियों की कथित अचल संपत्तियों का भी पता चला है। इनमें फ्लैट, व्यवसायिक संपत्तियां, दिल्ली, गुरुग्राम, पंचकूला, सोनीपत और चंडीगढ़ स्थित फार्म हाउस शामिल हैं। आरके गुप्ता और उनके परिवार पर रिटायरमेंट के बाद दिल्ली में एक प्राइवेट कंसल्टेंसी बिजनेस स्थापित करने का भी आरोप है।
राजेंद्र कुमार गुप्ता केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली वाटर एंड पावर कंसल्टेंसी लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। ये एक पब्लिक सेक्टर कंपनी है, जिसका मालिकाना हक पूरी तरह केंद्र सरकार के पास है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय इसके संचालन का काम देखता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur