ईडी ने की बड़ी कार्रवाई
रांची ,19 अप्रैल 2023 (ए)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड सरकार के ग्रामीण कार्य विकास विभाग के पूर्व चीफ इंजीनियर बीरेंद्र राम की 39.28 करोड़ की संपत्तियां बुधवार को जब्त कर ली। बीरेंद्र पर आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्डि्रंग का आरोप है। बीते 21-22 फरवरी को ईडी ने उनके 24 ठिकानों पर एक साथ छापामारी की थी। इस दौरान 25 लाख रुपए कैश और डेढ़ करोड़ से भी ज्यादा के गहने बरामद किए गए थे। उन्हें ईडी ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। तब से वह रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं। ईडी की इस कार्रवाई के बाद झारखंड सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया था।
बुधवार को ईडी ने उनकी जिन संपत्तियों को जब्त किया है, उनमें उनके पिता गेंदा राम के नाम पर खरीदा गया फार्म हाउस और दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी में स्थित घर शामिल है। डिफेंस कॉलोनी में बनाया गया मकान उन्होंने अपनी पत्नी राजकुमारी के नाम पर खरीदा था। बीरेंद्र और उनके पिता इन मकानों की खरीद में इस्तेमाल की गई राशि का स्रोत नहीं बता पाए थे।
दिल्ली सहित अन्य शहरों में भी बीरेंद्र राम की बनायी गयी अचल संपत्ति को पीएमएलए एक्ट के तहत जब्त किया गया है। ईडी की जांच में इसका खुलासा हुआ था कि बीरेंद्र राम ने दिल्ली के छतरपुर की संपत्ति 18 करोड़ कैश देकर खरीदी थी जबकि इस संपत्ति का बाजार मूल्य 30 करोड़ के आसपास है। इस संबंध में ईडी ने प्रॉपर्टी के मालिक का बयान भी दर्ज किया है। इस प्रॉपर्टी की खरीद उन्होंने अपने पिता गेंदा राम के नाम पर की थी। जबकि गेंदा राम एक सेवानिवृत शिक्षक हैं। ईडी 22 अप्रैल से पहले इस मामले में बीरेंद्र राम और अन्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर करेगी। एजेंसी ने पता लगाया है कि उन्होंने एक सौ करोड़ से भी अधिक की रकम अवैध तरीके से कमाई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur