सुकमा ,23 मार्च 2023 (ए)। नक्सल मुठभेड़ से जुडी बड़ी खबर आ रही है जहां सुकमा जिला में पुलिस और नक्सलियों के बीच काफी देर तक गोलीबारी चलती रही। इस नक्सल मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और कई माओवादियों के घायल होने की खबर भी आ रही है। बताया जा रहा है कि 5 नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल इलाके में पुलिस का सर्चिंग अभियान जारी है।
सुकमा एसपी सुनील शर्मा को सूचना मिली थी कि नक्सली नेशनल हाइवे – 30 पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं जिसके बाद एर्राबोर और कोंटा थानों और डीआरजी के बल को नक्सलियों द्वारा घटना को अंजाम देने से रोकने के लिये नक्सल अभियान पर कोत्तालेंड्रा के जंगलों में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था।
अभियान के दौरान लगभग 11.30 बजे कोत्तालेंड्रा के जंगल में सर्चिंग के लिए जवान पहुंचे और तभी नक्सलियों से उनकी मुठभेड़ शुरु हो गई। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरु की जिसके बाद नक्सली जंगल-झाड़ी की आड़ लेकर भाग गए। इस दौरान घटना स्थल पर सुरक्षा बलों को पांच नक्सलियों को पकड़ने में कामयाबी हासिल हुई है। वहीँ अन्य 4 से 5 नक्सलियों के घायल होने की संभावना भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सर्चिंग अभियान कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur