विजय सिन्हा की दो टूक,
लखीसराय में बोले-बिहार में बनेगी बीजेपी की सरकार
लखीसराय 19 मार्च 2023 (ए)। लखीसराय के विधायक सह बिहार के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बिहार में अगली सरकार बीजेपी की बनेगी।
सरकार बनने से पहले ही भ्रष्टाचारियों के लिए बुलडोजर तैयार है। महागठबंधन की सरकार में हत्या, लूट, बलात्कार, प्रशासनिक अराजकता के शिकार लोगों के आवेदन पर संज्ञान लेकर स्पीडी ट्रायल चलाकर भ्रष्टाचार और अपराधियों को संरक्षण देने वालों की संपत्ति जब्त होगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुर्सी के लिए भ्रष्टाचारी से हाथ मिला लिए हैं। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। हत्या के आरोपित मंत्री इजरायल मंसूरी को बर्खास्त करने में मुख्यमंत्री लाचार और बेबस नजर आ रहे हैं। बिहार की जनता अपराध, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अराजकता से ऊब चुकी है।
बिहार में सत्ता बदलेगी जनता मन बना चुकी है। नेता प्रतिपक्ष रविवार को लखीसराय स्थित पार्टी के विधानसभा कार्यालय में जन कल्याण संवाद कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने नेता प्रतिपक्ष के समक्ष आवेदन देकर पुलिस थाना, जमीन विवाद एवं शिक्षा विभाग से जुड़े मामले से अवगत कराया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिले में थाना स्तर पर सीओ और थानाध्यक्ष द्वारा भूमि विवाद को लेकर आयोजित जनता दरबार में आए मामलों की समीक्षा डीएम-एसपी को करनी चाहिए।
इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई ऐसा विभाग नहीं है, जहां भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी नहीं हो रही है।
हमने सदन में भी मुद्दा उठाया है। अधिकारी जनता की समस्या को सुनते नहीं हैं। हर जगह प्रशासनिक अराजकता कायम है।
सरकार अगर गंभीरता से नहीं लेगी तो आम जनता के साथ जनांदोलन शुरू करेंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार में बीजेपी की सरकार बनेगी तो सभी भ्रष्टाचारी और अपराधियों को बचाने वाले की फाइल खुलेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur