अवैध तरीके से नशीली दवाई विक्रेताओं पर निरंतर किया जा रहा कार्रवाई, बेहतर समन्वय कर सूचना तंत्र मजबूत करे – एसपी
सूरजपुर, 13 दिसम्बर 2022 (घटती-घटना)। कलेक्टर सुश्री इफ्फत आरा की अध्यक्षता में जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर रोकथाम के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नारको- कोर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने आयोजित बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार और परिवहन पर रोकथाम पर चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक से जानकारी ली। कलेक्टर ने जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार और परिवहन पर रोकथाम पर चर्चा करते हुए पुलिस, नारकोटिक्स और आबकारी विभाग की ओर से समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस विभाग,आबकारी विभाग, औषधि विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत विभाग, नगरीय प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवम वन विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि अवैध मादक पदार्थों के व्यापार को नियंत्रण करने विशेष कार्य योजना बनाएं जिससे सूरजपुर जिला नशा मुक्त जिला बने उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी स्कूलों में व्यापक प्रचार प्रसार करने कहा क्योंकि शिक्षा की भूमिका नशा मुक्ति में अहम है उन्होंने नशा मुक्ति अभियान बेहतर करने निर्देशित किया। उन्होंने नशा पीडि़त व्यक्ति को नशा मुक्ति केंद्र लाने निर्देशित किया एवं वन समित के सदस्यों, पंचायत एवं नगरीय क्षेत्र के स्थानीय प्रतिनिधियों को जागरूक करने निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू बैठक में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री, अवैध शराब के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए नशा समाज के लिए घातक बताया। उन्होंने अवैध नशीली दवाई विक्रेताओं पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को सूचनाओं और जानकारी आपस में साझा करने और सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए। जिससे अवैध तरीके से नशीली दवाई विक्रेताओं पर तत्काल नियंत्रण होगा और उन पर नियमानुसार कार्रवाई किया जाएगा।
उन्होंने नारकोटिक्स के संबंध में किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने, सीमावर्ती क्षेत्र सहित मादक पदार्थां की अवैध बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर जॉइंट ऑपरेशन चलाने, एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों और नशे के हानिकारक प्रभावों के संबंध में जन जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा। बैठक में डीएफओ श्री संजय यादव, जिला पंचायत सीईओ सुश्री लीना कोसम, संयुक्त कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, डॉ प्रियंका वर्मा, सर्व एसडीएम, पुलिस अधीक्षक कार्यालय डीएसपी श्रीमती नंदनी ठाकुर,आबकारी विभाग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur