पुलिस के जवाब ने कोर्ट को किया हैरान
मथुरा ,24 नवंबर 2022 (ए)। उत्तर प्रदेश के मथुरा से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। मथुरा पुलिस के अनुसार थाने में रखा 581 किलो गांजा चूहे खा गए। दरअसल यह जवाब पुलिस ने कोर्ट में पेश किया है।
बता दें कि गांजे की इतनी बड़ी खेप मथुरा पुलिस ने दो मामलों में जब्त की थी, इसके बाद थाने के मालखाने में इसको साक्ष्य के तौर पर रखा गया। मगर 581 किलो गांजा चूहों के द्वारा डकारने की रिपोर्ट पढ़ने के बाद अच्छे-अच्छे लोगों के सिर चकरा गए।
क्या है मामला
शेरगढ़ और हाईवे थाना पुलिस ने साल 2018 में 386 और 195 किलो गांजा कुछ अपराधियों के साथ पकड़ा था। इसके बाद गांजे को मालखाने में जमा करा दिया गया। पुलिस ने सबूत के तौर पर गांजे का सैंपल भी कोर्ट में पेश किया था। इसके बाद एडीजे सप्तम संजय चौधरी ने पुलिस को आदेश दिया कि गांजे की पूरी खेप को कोर्ट में सील मुहर के साथ प्रस्तुत किया जाए। मगर पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट लगाई कि सारा गांजा चूहे खा गए। ऐसे में उसे कोर्ट में पेश नहीं किया जा सकता है।
कोर्ट ने मांगा सबूत
पुलिस ने कोर्ट को बताया गया कि मालखाने में कोई भी ऐसी जगह नहीं है, जिसे चूहों से बचाया जा सके। पुलिस रिपोर्ट में बताया गया है कि चूहों के खाने के बाद जो कुछ गांजा बचा उसे नष्ट कर दिया गया। इस पर कोर्ट ने एसएसपी को थानों और मालखानों में चूहों से निपटने के लिए काम करने को कहा। साथ ही पुलिस को 26 नवंबर तक इस मामले में सबूत के साथ रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur