अम्बिकापुर,21 अक्टूबर 2022 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने एक करोड़ से भी अधिक रुपए के अवैध सोने के जेवरात के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 13 लाख से अधिक नगदी भी जब्त किया है। आरोपी के पास 1 किलो 667 ग्राम 860 मिलीग्राम सोना रखने का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। आरोपी शहर के एक होटल में इतना जेवरात लेकर रूका था। वह कोलकत्ता पश्चिम बंगाल से अवैध सोना लाकर अंबिकापुर में खपाने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
मामले का खुलासा करते हुए एएसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि आईजी अजय यादव के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता द्वारा त्योहारों के दौरान होटल, लाज, ढ़ाबा मेंलगातार चेक कर शहर की सुरक्षा को प्रभावी करने हेतु थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसी दौरान सरगुजा पुलिस को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग का बैग में अवैध सोने के जेवरात रखकर शहर सदर रोड स्थित कंचन होटल में रूका है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक रुपेश नारंग ने पूरी टीम के साथ घेराबंदी कर कंचन होटल के रूम नंबर 106 को खुलवाया गया। रूम में एक व्यक्ति मिला जिसका नाम पता पूछे जाने पर अपना नाम विष्णु कुमार तासावर पिता विजय कुमार उम्र 42 साल निवासी महक नंबर 138 नेताजी सुभाष रोड हावड़ा कोलकत्ता पश्चिम बंगाल बताया। पुलिस ने संदेही को कब्जे में रखकर काले रंग के बैग का तलाशी ली। बैग में सोने के जेवरात व नगद मिले।
भारी मात्रा में जेवरात रखने का नहीं था दस्तावेज
पुलिस ने जेवरात व नगद को जब्त कर वजन कराया तो 1 किलो 667 ग्राम 860 मिली ग्राम पाया गया। जिसकी कीमत 17 लाख 7 हजार 6 सौ रुपए बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी से उक्त सोने के जेवरात रखने के संबंध धारा 91 जाफौ का नोटिस दिया गया। नोटिस के जवाब में मौके पर कोई उक्त जेवरात रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस ने उसके कब्जे से जेवरात व नगदी जब्त कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur