मची चीख-पुकार, चिथड़ों में उड़ गया तौसीफ का शरीर
मेरठ,29 नवम्बर 2023 (ए)। उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार सुबह एक कबाड़ी की दुकान में हुए धमाके से इलाके में हडक़ंप मच गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम व पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मृतक तौसीफ का शरीर चिथड़ों में उड़ गया। आसपास के लोगों में धमाके से हडक़ंप मच गया। पड़ोस में मौजूद मकान की खिड़कियां तक टूट गईं।
मेरठ के मवाना रोड गंगानगर क्षेत्र के अम्हेड़ा रोड पर तौसीफ की कबाड़ी की दुकान है। बुधवार सुबह वह अपने दो साथियों के साथ दुकान पर ही था। तौसीफ एक सेलनुमा वस्तु को तोड़ रहा था कि इसी बीच जोरदार धमाका हुआ और तौसीफ हादसे का शिकार हो गया। उसके दोनों साथी भी घायल हो गए।
जोरदार धमाके से इलाके में हडक़ंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया और तौसीफ के शव को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब 10:45 बजे हुआ। हादसा इतना जबरदस्त था कि तौसीफ के शरीर कई फीट दूर जाकर गिरा और चिथड़ों में बिखर गया। वहीं दोनों अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया गया कि दुकान मालिक कबाड़ी तौसीफ 20 किलो के बाट पर रखकर सेलनुमा वस्तु तोड़ रहा था। इस दौरान यह धमाका हुआ। इससे 20 किलो के बाट के भी टुकड़े-टुकड़े हो गए।
भीषण धमाके से आसपास के मकानों को भी नुकसान हुआ है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि मीरापुर मुजफ्फरनगर का रहने वाला तौसीफ इंचौली में कबाड़ी की दुकान करता है। वह सेलनुमा वस्तु को तोड़ रहा था कि इसी बीच विस्फोट हो गया। इस पूरी घटना की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है। यह सेलनुमा वस्तु क्या थी इसकी जांच की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur