प्रशासन ने सुलझाया पानी टंकी का विवाद,चयनित जगह पर बनेगी पानी टंकी,ग्रामीणों ने दिया प्रशासन को धन्यवाद
जल जीवन मिशन के तहत देश भर में घर-घर तक पानी पहुंचाने को लेकर केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा नलजल योजना की शुरूआत की गई है। जिसके तहत गांव-गांव, घर-घर पानी पहुंच सके। इसी योजना के तहत जिले के कई ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को पानी भी मिलने लगा है और लोग योजना का लाभ पाकर काफी खुश भी हैं तो कई जगहों पर आज भी लोगों तक इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिसको लेकर जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रही है।
-अरविंद द्विवेदी-
अनूपपुर,19 अगस्त 2023 (घटती-घटना)। जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत परसवार के ग्राम मौहरी में भी नलजल योजना का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया था। जिस पर गांव के कुछ लोगों द्वारा आपत्ति जताते हुये विवाद किया गया और उसकी शिकायत की गई। जबकि पानी टंकी निर्माण का कार्य ठेकेदार द्वारा उपसरपंच व ग्रामीणों की सहमति से स्थल चयन के बाद शुरू किया गया था। लेकिन गांव के ही कुछ लोगों द्वारा कार्य पर आपत्ति जताते हुये निर्माण कार्य में रोक लगाने के लिये कलेक्टर से शिकायत की थी। वहीं निर्माण कार्य पर रोक लगने से नाराज उपसरंपच व गांव के सैंकड़ों ग्रामीणों द्वारा भी कलेक्टर से शिकायत की गई और पानी टंकी निर्माण कार्य में उत्पन्न समस्या के निराकरण की गुहार लगाई।
योजना से सैंकड़ों परिवारों को मिलेगा लाभ
जल जीवन मिशन के तहत ग्राम मौहरी में बन रहे पानी टंकी निर्माण से गांव में निवासरत सैंकड़ों आदिवासी, हरिजन, ओबीसी समेत सामान्य वर्ग के परिवार को लाभ मिलेगा। गांव में अभी भी सैंकड़ों ऐसे परिवार हैं जिनके पास पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं है, वह आज भी हैंडपंप के सहारे अपना जीवन जी रहे हैं। अब नलजल योजना से प्रत्येक वर्ग के ग्रामीणों के घरों तक पानी मिल सकेगा। गांव में वर्षों से निवासरत ग्रामीणों ने बताया कि इस योजना से अब हमें जल संकट से नहीं जूझना पड़ेगा।
शिकायत के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान
पानी टंकी विवाद को लेकर ग्राम मौहरी के दोनो पक्षों द्वारा 1 अगस्त को जनसुनवाई में कलेक्टर के पास शिकायत की गई थी जिसके पश्चात जिला प्रशासन ने दोनो ही पक्षों की समस्या सुनी। इसके पश्चात जिला प्रशासन की टीम तहसीलदार गौरीशंकर शर्मा, एसडीओ पीएचई नीलिमा सिंह, आरआई ज्वाला प्रसाद साकेत, पटवारी राजीव सिंह एवं रूपनारायण प्रजापति मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुये उपसरपंच व ग्रामीणों द्वारा चयन किये गये स्थल को सही ठहराया और सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से बाउंड्रीवाल के अंदर ही पानी टंकी निर्माण कार्य की अनुमति प्रदान की गई।
गांव की एकता तोड़ने का प्रयास रहा असफल
ग्राम मौहरी में निर्माणाधीन पानी टंकी को लेकर शुरू से ही वर्ग विषेश के द्वारा इस बात का दबाव बनाने का प्रयास किया गया था कि निर्माण कार्य में उसकी भी सहभागिता जरूरी है और गांव के कुछ लोगों को गुमराह कर पानी टंकी निर्माण कार्य का विरोध किया गया। वहीं सरपंच पति के साथ मिलकर गांव की एकता को तोड़ने का प्रयास किया गया लेकिन दूसरे वर्ग के द्वारा स्थल चयन और पानी टंकी निर्माण को लेकर अपनी बातों पर अड़े रहे। जिस पर प्रशासन की पहल पर चयनित स्थल पर ही पानी टंकी को बनाये जाने की सहमति बनी। इस तरह से अलग-अलग वर्गों के लोगों को तोड़ने का काम आज भी कुछ लोग कर रहे हैं ताकि उनकी राजनीति और व्यापार फलफूल सके। लेकिन ग्राम मौहरी में अंततः गांव के वरिष्ठजनों की एकता से दूसरे पक्ष को मुह की खानी पड़ी।
प्रशासन के फैसले से खुश हुये ग्रामीण
पानी टंकी विवाद को लेकर ग्राम मौहरी के दोनो पक्षों द्वारा जनसुनवाई में कलेक्टर के पास शिकायत की गई थी। जिसके पश्चात जिला प्रशासन द्वारा मौके पर पटवारी को भेजकर मौका निरीक्षण कराया गया। लेकिन विवाद खत्म न होने के कारण जिला प्रशासन द्वारा 19 अगस्त को तहसीलदार, एसडीओ पीएचई, आरआई, पटवारी को भेजकर मौका निरीक्षण कर विवाद को सुलझाया गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों द्वारा दोनो पक्षों से चर्चा करते हुये आपसी सहमति कराकर चयनित स्थल पर पानी टंकी निर्माण के आदेश दिये गये। जिला प्रशासन के इस फैसले से ग्रामीण काफी खुश हैं और उन्होंने जिला प्रशासन व अधिकारियों को धन्यवाद दिया है।
आपसी सहमति से होता है गांव का विकास
ग्राम मौहरी में पानी टंकी विवाद सुलझने के बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ऐसे में मौके पर पहुंचे अधिकारियों व गांव के उपसरपंच मोले बैगा, वरिष्ठ नागरिक महेन्द्र श्रीवास्तव, कैलाष पटेल, तेरसू बैगा, रामा कोल, टीकम जाटव, सुखीलाल यादव, राजू जाटव एवं समस्त ग्रामीणों ने कहा कि आपसी सहमति से ही गांव का विकास होता है। गांव में किसी भी प्रकार के विवाद व समस्या को आपस में बैठकर ही सुलझाना उचित होता है। गांव के आपसी सहयोग व तालमेल से गांव का पूर्ण विकास संभव है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur