मुंबई ट्रेन गोलीकांड
मुंबई,16 अगस्त 2023 (ए)। जयपुर-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस गोलीकांड में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। ट्रेन में 4 लोगों की हत्या करने वाले रेलवे सुरक्षा बल के कॉन्स्टेबल चेतन सिंह चौधरी ने बुर्का पहनी एक महिला यात्री को बंदूक की नोक पर धमकाते हुए जय माता दी कहने के लिए मजबूर किया था।पुलिस ने महिला की पहचान कर ली है और उसे मुख्य गवाह बनाया गया है। महिला के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जांच बोरीवली की राजकीय रेलवे पुलिस कर रही है।सूत्रों के मुताबिक, ये पूरी घटना ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। आरोपी चेतन ने बी3 कोच में बुर्का पहनी महिला पर बंदूक अड़ाकर उसे जय माता दी का नारा लगाने को कहा। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर जोर से जय माता दी कहने के लिए कहा।
रिपोर्ट के मुताबिक, चेतन ने सबसे पहले बी5 कोच में टीकाराम मीणा को गोली मारी और भानपुरावाला की हत्या की। इसके बाद उसने बी2 में बैठे सैफुद्दीन को गोली मारी और आखिर में एस6 कोच में शेख को गोली मारी।इस दौरान बी3 कोच में चेतन ने उक्त महिला को निशाना बनाया। महिला ने चेतन की बंदूक को दूर कर पूछा कि तुम कौन हो? इस पर चेतन ने कहा कि अगर बंदूक को हाथ लगाया तो गोली मार दूंगा।
31 जुलाई की सुबह चेतन ने जयपुर से मुंबई आ रही ट्रेन में 4 लोगों की हत्या कर दी थी।घटना के बाद सामने आए वीडियो में चेतन कह रहा है, पाकिस्तान से ऑपरेट हुए हैं ये और मीडिया यही कवरेज दिखा रही है। उनको सब पता चल रहा है कि ये क्या कर रहे हैं… अगर वोट देना है, अगर हिंदुस्तान में रहना है तो मैं कहता हूं मोदी और योगी ये दो हैं।
चेतन पर वीडियो और यात्रियों के विवरण के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153ए (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 302 (हत्या), 363 (अपहरण), 341, 342 (गलत तरीके से बंदी बनाना), आर्म्स एक्ट और रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चेतन न्यायिक हिरासत में है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur